
उर्स-ए-रज़वी: 6 से 8 अगस्त तक बरेली में विशेष ट्रैफिक व्यवस्था, भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक
रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता
बरेली। दरगाह आला हजरत पर आयोजित होने वाले तीन दिवसीय उर्स-ए-रज़वी को लेकर पुलिस और यातायात विभाग ने विस्तृत ट्रैफिक डायवर्जन योजना लागू कर दी है। 6 अगस्त की रात 8 बजे से लेकर 8 अगस्त को उर्स संपन्न होने तक शहर के कई प्रमुख मार्गों पर भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। हालांकि, उर्स में शामिल होने के लिए आने वाले जायरीनों के वाहनों को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है।
यातायात विभाग के अनुसार झुमका तिराहा, रोड नंबर-1 परसाखेड़ा, विलवा और विलयधाम अंडरपास, लालपुर गांव कट, नवदिया झादा, इन्वर्टिस तिराहा, ट्रांसपोर्ट नगर, बुखारा मोड़ और रामगंगा तिराहा सहित कई स्थानों से भारी वाहनों की आवाजाही रोकी जाएगी। दिल्ली, रामपुर, नैनीताल, पीलीभीत और लखनऊ की ओर जाने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं, ताकि शहर के भीतर जाम की स्थिति न बने।
उर्स के दौरान 7 और 8 अगस्त को सुबह 8 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक शहर के भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त प्रतिबंध लागू रहेंगे। ईसाइयों की पुलिया, गांधी उद्यान, चौकी चौराहा, चौपला, श्यामगंज, कुतुबखाना, इस्लामिया, किला क्रॉसिंग और कोहाड़ापीर क्षेत्र में चार पहिया वाहन, ऑटो और ई-रिक्शा का संचालन नियंत्रित रहेगा। इन क्षेत्रों में केवल निर्धारित डायवर्जन मार्गों से ही आवागमन किया जा सकेगा।
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पुराने रोडवेज बस अड्डे से बसों का संचालन अस्थायी रूप से बंद रहेगा। दिल्ली, लखनऊ, आगरा और बदायूं रूट की सभी रोडवेज बसें सैटेलाइट बस अड्डे से संचालित की जाएंगी। प्रशासन ने यात्रियों को सलाह दी है कि यात्रा से पहले बसों के संचालन और रूट की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।
उर्स में आने वाली बसों के लिए भी अलग-अलग पार्किंग स्थल तय किए गए हैं। शाहजहांपुर, पीलीभीत और बदायूं की ओर से आने वाली बसों को रेलवे यार्ड, सुभाषनगर में पार्क कराया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर सिंचाई विभाग गेस्ट हाउस, सेंट मारिया स्कूल के सामने स्थित कैंट क्षेत्र और सैटेलाइट कार बाजार का भी उपयोग किया जाएगा। नैनीताल रोड से आने वाली बसों के लिए रेलवे स्टेशन के पीछे स्थान निर्धारित किया गया है, जबकि दिल्ली और रामपुर की ओर से आने वाले वाहनों के लिए परसाखेड़ा क्षेत्र में पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। पत्रकारों और अन्य विशिष्ट अतिथियों के वाहनों के लिए जीआईसी मैदान निर्धारित किया गया है।
एसपी ट्रैफिक मोहम्मद अकमल खान ने आम नागरिकों से अपील की है कि ट्रैफिक डायवर्जन का पालन करें, प्रतिबंधित मार्गों से बचें और वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करें। उन्होंने कहा कि उर्स के दौरान बड़ी संख्या में देश-विदेश से जायरीन बरेली पहुंचते हैं, इसलिए सभी के सहयोग से ही यातायात व्यवस्था सुचारु रखी जा सकेगी।