
ऑपरेशन से पहले PAC जरूरी, छोटी-सी लापरवाही पड़ सकती है भारी
विश्व एनेस्थीसिया दिवस पर विशेषज्ञों ने किया जागरूक, सर्जरी से पहले मरीज की सेहत की पूरी जांच कराने की अपील
बिना प्री-एनेस्थीसिया जांच के सर्जरी में बढ़ सकता है खतरा, एनेस्थीसिया विशेषज्ञों ने किया जागरूक
रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता
बरेली, 16 अक्टूबर। किसी भी ऑपरेशन को सुरक्षित बनाने में एनेस्थीसिया की अहम भूमिका होती है। सर्जरी से पहले मरीज की सेहत का आकलन और प्री-एनेस्थीसिया चेकअप (PAC) संभावित जटिलताओं के जोखिम को पहचानने में मदद करता है। इसके बावजूद यदि मरीज बिना जरूरी जांच और एनेस्थीसिया विशेषज्ञ की सलाह के ऑपरेशन कराने पहुंचता है तो जोखिम बढ़ सकता है। विश्व एनेस्थीसिया दिवस पर इंडियन सोसाइटी ऑफ एनेस्थीसियोलॉजिस्ट्स (ISA), बरेली ने लोगों से सर्जरी से पहले PAC अनिवार्य रूप से कराने की अपील की
संस्था के अध्यक्ष डॉ. रतन पाल सिंह ने बताया कि ऑपरेशन से पहले एनेस्थीसिया विशेषज्ञ मरीज की मेडिकल हिस्ट्री, ब्लड प्रेशर, मधुमेह, हृदय और फेफड़ों की स्थिति के साथ नियमित रूप से ली जा रही दवाओं का आकलन करते हैं। इस प्रक्रिया से मरीज की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं और एनेस्थीसिया के दौरान संभावित जोखिमों की पहचान करने में मदद मिलती है। इसके आधार पर मरीज की जरूरत के अनुसार सुरक्षित एनेस्थीसिया की योजना तैयार की जाती है।
बीमारी और दवाओं की जानकारी छिपाना पड़ सकता है भारी
इस अवसर पर डॉ. आरके भास्कर, आईएमए के अध्यक्ष डॉ. डीपी गंगवार और डॉ. देवेंद्र सिंह ने मरीजों को सलाह दी कि वे ऑपरेशन से पहले डॉक्टर को अपनी सभी बीमारियों, एलर्जी और नियमित रूप से ली जा रही दवाओं की पूरी जानकारी दें। मधुमेह, उच्च रक्तचाप और अस्थमा जैसी बीमारियों को चिकित्सकीय सलाह के अनुसार नियंत्रित रखें। डॉक्टर की सलाह के बिना किसी भी निर्धारित दवा को बंद न करें।
विशेषज्ञों ने कहा कि सर्जरी से पहले की जाने वाली जांच केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि मरीज की सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। समय रहते स्वास्थ्य संबंधी जोखिमों का पता चलने से ऑपरेशन की तैयारी बेहतर तरीके से की जा सकती है।
कई चिकित्सक रहे मौजूद
कार्यक्रम में डॉ. विमल भारद्वाज, डॉ. विवेक मिश्रा, डॉ. वीवी सिंह, डॉ. विनोद राठौर, डॉ. अनिमेश, डॉ. जितेंद्र वार्ष्णेय, डॉ. नितिन अग्रवाल और डॉ. अंकुर गर्ग समेत अन्य चिकित्सक मौजूद रहे।
ISA का संदेश: “सुरक्षित सर्जरी की शुरुआत ऑपरेशन से पहले होती है।” संस्था ने आमजन से अपील की कि किसी भी सर्जरी से पहले एनेस्थीसिया विशेषज्ञ से परामर्श लें और प्री-एनेस्थीसिया चेकअप को नजरअंदाज न करें।