
बरेली मे एसएसपी दफ्तर के बाहर आत्मदाह की कोशिश से मचा हड़कंप, पुलिस की फुर्ती से बची महिला की जान
न्याय की गुहार बनी बेबसी! कार्रवाई न होने से आहत महिला ने खुद पर डीजल उड़ेला, बड़ा हादसा टला
रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता
बरेली। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्यालय के मुख्य द्वार पर मंगलवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक महिला ने खुद पर डीजल छिड़ककर आत्मदाह करने की कोशिश की। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों, महिला पुलिस और एक राहगीर की सतर्कता से महिला को समय रहते काबू में ले लिया गया। कुछ ही पलों की देरी एक बड़े हादसे का कारण बन सकती थी।
जानकारी के अनुसार, बहेड़ी थाना क्षेत्र के गांव उलैतापुर निवासी मीना कुमारी, पत्नी गनपत, काफी समय से एक पुराने विवाद को लेकर पुलिस कार्रवाई से असंतुष्ट थीं। बताया जा रहा है कि होली के दौरान डीजे बजाने को लेकर उनके बेटे का विवाद हुआ था। इस मामले में उन्होंने बहेड़ी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, जिस पर पुलिस ने एनसीआर तो दर्ज कर ली, लेकिन महिला का आरोप है कि इसके बाद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
महिला का कहना है कि वह न्याय की उम्मीद लेकर कई बार बहेड़ी थाने के चक्कर लगाती रहीं। स्थानीय स्तर पर सुनवाई न होने पर उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष भी अपनी बात रखी, लेकिन जब उन्हें कहीं से राहत नहीं मिली तो वह मानसिक रूप से बेहद परेशान हो गईं।
मंगलवार दोपहर करीब एक बजे महिला आधा लीटर डीजल की बोतल लेकर एसएसपी कार्यालय पहुंची। गेट के बाहर उसने अचानक अपने ऊपर डीजल उड़ेल लिया और आग लगाने का प्रयास किया। घटना को देखते ही वहां मौजूद पुलिसकर्मी, महिला पुलिस और एक राहगीर तुरंत हरकत में आए और महिला को पकड़कर आत्मदाह करने से रोक लिया। इस दौरान कार्यालय परिसर में कुछ देर के लिए हड़कंप का माहौल बन गया।
घटना के बाद महिला थाना पुलिस उसे अपने साथ ले गई। पुलिस अधिकारियों ने महिला से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और एहतियात के तौर पर उसे जिला अस्पताल भेजकर प्राथमिक उपचार कराया। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।