
बरेली मे नकली सोने के पेंडल से 20 लाख की ठगी, अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश
विश्वास जीतकर सुनारों को बनाते थे शिकार, तीन आरोपी गिरफ्तार
फर्जी पहचान पत्र, नकली पेंडल और नकदी बरामद
राजस्थान से आकर बरेली में देते थे वारदात को अंजाम, कई मुकदमे पहले से दर्ज
रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता
बरेली। थाना किला पुलिस ने नकली सोने के पेंडल के जरिए सुनारों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा करते हुए दो पुरुष और एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से असली और नकली आभूषण, फर्जी आधार कार्ड, मोबाइल फोन, डायरी तथा नकदी बरामद की है। प्रारंभिक जांच में गिरोह द्वारा करीब 20 लाख रुपये की ठगी किए जाने का मामला सामने आया है।
पुलिस के मुताबिक, जकाती निवासी विपिन कुमार रस्तोगी ने थाना किला में शिकायत दर्ज कराई थी कि कुछ लोगों ने पहले लेन-देन के जरिए भरोसा कायम किया। इसके बाद करीब 190 ग्राम वजन के 19 पेंडल असली सोना बताकर उन्हें सौंप दिए। बदले में आरोपियों ने लगभग 20 लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। बाद में जांच में पेंडल नकली निकले।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और सर्विलांस की मदद से आरोपियों की पहचान की। जांच में यह भी सामने आया कि मुकदमे में भगवान सिंह नाम से दर्ज आरोपी का वास्तविक नाम महेंद्र है।
बुधवार को थाना किला पुलिस ने गश्त के दौरान श्मशान भूमि फाटक के पास स्थित मिट्टी के टीले से महेंद्र, उसके साथी सुरेश और महिला आरोपी बबली उर्फ बब्बू को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों के कब्जे से 11 पीली धातु के पेंडल, चार नकली पेंडल, सफेद धातु की एक चेन, चार चूड़ियां, एक अंगूठी, एक फर्जी आधार कार्ड, छह डायरी, तीन मोबाइल फोन और 10,550 रुपये नकद बरामद किए गए। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में अन्य धाराएं भी जोड़ी गई हैं।
एसपी सिटी मानुष पारिक ने बताया कि गिरोह का तरीका बेहद शातिर था। आरोपी पहले असली आभूषण गिरवी रखकर या खरीद-फरोख्त कर सुनारों का विश्वास जीतते थे। इसके बाद नकली धातु पर सोने की परत चढ़ाकर उसे असली बताकर मोटी रकम और आभूषण ठग लेते थे। अपनी पहचान छिपाने के लिए फर्जी पहचान पत्रों का इस्तेमाल किया जाता था और ठगी से मिली रकम आपस में बांट ली जाती थी।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजस्थान के भरतपुर निवासी महेंद्र और सुरेश तथा अलवर निवासी बबली उर्फ बब्बू के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार तीनों के खिलाफ बरेली के थाना किला और बिथरी चैनपुर में भी धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर अन्य वारदातों और गिरोह के नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। साथ ही उनके खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।