
नगर निगम बरेली के सम्पत्ति कर विभाग का डिजिटलीकरण
रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता
बरेली! नगर निगम बरेली द्वारा नागरिकों को सरल, पारदर्शी एवं डिजिटल सेवाएँ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सम्पत्ति कर विभाग में व्यापक स्तर पर डिजिटलीकरण किया गया है। इसके अंतर्गत निम्नलिखित सुविधाएँ प्रारम्भ की गई हैं एवं कुछ नवीन सेवाएँ शीघ्र प्रारम्भ की जा रही हैं-
1. प्रॉपर्टी टैक्स मैनेजमेंट सिस्टम (PTMS) का शुभारम्भ
नगर निगम बरेली द्वारा Property Tax Management System (PTMS) लागू किया गया है, जिसके माध्यम से नागरिक घर बैठे या दुनिया के किसी भी स्थान से अपना सम्पत्ति कर जमा कर सकते हैं। इस प्रणाली में निम्नलिखित ऑनलाइन भुगतान सुविधाएँ उपलब्ध हैं-
UPI
Bharat QR
Net Banking
Credit Card
Debit कार्ड
2. NEFT एवं RTGS द्वारा कर भुगतान की सुविधा
नागरिकों एवं संस्थानों की सुविधा हेतु NEFT एवं RTGS के माध्यम से सम्पत्ति कर जमा करने की सुविधा प्रारम्भ की गई है। इस प्रणाली की विशेषता यह है कि भुगतान प्राप्त होते ही राशि स्वतः संबंधित सम्पत्ति कर बिल में अपडेट हो जाती है।
3. घर-घर कर संग्रह हेतु 100 POS मशीनों का वितरण
नगर निगम बरेली द्वारा अपने आउटसोर्स कर्मचारियों को 100 POS मशीनें उपलब्ध कराई गई हैं। इन मशीनों के माध्यम से कर्मचारी घर-घर जाकर-
सम्पत्ति कर बिल उपलब्ध करा रहे हैं।
डिजिटल माध्यम से कर संग्रह कर रहे हैं।
इस सुविधा से नागरिकों को कर जमा करने के लिए नगर निगम कार्यालय आने की आवश्यकता नहीं है।
4. ई-नगरसेवा पोर्टल पर ऑनलाइन नामांतरण (Mutation) सुविधा
नगर निगम बरेली द्वारा E-Nagarsewa Portal पर ऑनलाइन नामांतरण (Mutation) सेवा प्रारम्भ की गई है, जिससे नागरिक बिना कार्यालय आए अपने सम्पत्ति नामांतरण हेतु ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं तथा उसकी स्थिति की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
5. गूगल पे पर Verified Business सेवा (शीघ्र प्रारम्भ)
नगर निगम बरेली शीघ्र ही Google Pay Verified Business Service प्रारम्भ करने जा रहा है। इसके माध्यम से नागरिक गूगल पे पर नगर निगम बरेली के सत्यापित खाते के माध्यम से उसी प्रकार सम्पत्ति कर जमा कर सकेंगे, जैसे वर्तमान में अन्य नगर निकायों द्वारा यह सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
6. व्हाट्सएप चैटबॉट सुविधा (शीघ्र प्रारम्भ)
नागरिकों की सुविधा हेतु नगर निगम बरेली शीघ्र ही WhatsApp Chatbot Service प्रारम्भ करने जा रहा है। इस सुविधा के माध्यम से नागरिक-
👉अपने सम्पत्ति कर का विवरण प्राप्त कर सकेंगे।
👉बकाया कर की जानकारी देख सकेंगे।
👉व्हाट्सएप के माध्यम से ऑनलाइन कर भुगतान कर सकेंगे।
7. नॉन-टैक्स एवं अन्य शुल्क सेवाओं हेतु सिंगल विंडो एप्लीकेशन (शीघ्र प्रारम्भ)
नगर निगम बरेली द्वारा नॉन-टैक्स एवं अन्य शुल्क सेवाओं के लिए Single Window Application विकसित की जा रही है। इस प्रणाली के माध्यम से विभिन्न नगर निगम सेवाओं के लिए आवेदन, शुल्क भुगतान एवं प्रमाण-पत्र प्राप्त करने की प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन एवं पारदर्शी होगी
नगर निगम बरेली का उद्देश्य नागरिकों को सरल, पारदर्शी, त्वरित एवं कैशलेस सेवाएँ प्रदान करना है। सम्पत्ति कर विभाग का डिजिटलीकरण “डिजिटल इंडिया” एवं “स्मार्ट गवर्नेंस” की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे नागरिकों को घर बैठे अधिकतम सुविधाएँ उपलब्ध हो रही हैं।