ट्रेंडिंग स्टोरी
विज्ञापन

बरेली में सर्वधर्म समभाव का संदेश देगा इज्तिमाई निकाह, 4 जून को एक मंच पर जुटेंगे सभी धर्मों के धर्मगुरु

Spread the love

 

बरेली में सर्वधर्म समभाव का संदेश देगा इज्तिमाई निकाह, 4 जून को एक मंच पर जुटेंगे सभी धर्मों के धर्मगुरु

बरेली में पहली बार होगा भव्य सामूहिक निकाह समारोह, नवविवाहित जोड़ों को देंगे संत और उलेमा आशीर्वाद

भाईचारे और सामाजिक एकता की मिसाल बनेगा इज्तिमाई निकाह, 4 जून को ताज पैलेस में होगा आयोजन

रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता 

बरेली ! बरेली में सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे को मजबूत करने की दिशा में एक अनूठी पहल की जा रही है। खानकाहे वामिकिया अशरफिया बरेली शरीफ के तत्वावधान में आगामी 4 जून को भव्य इज्तिमाई निकाह (सामूहिक विवाह) समारोह का आयोजन किया जाएगा। आयोजकों का कहना है कि यह कार्यक्रम केवल निकाह तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि समाज में प्रेम, सद्भाव और राष्ट्रीय एकता का संदेश भी देगा।

यह आयोजन हजरत सैय्यद असलम मियां वामिकी जीलानी अशरफी साहब की सरपरस्ती में पहली बार कराया जा रहा है। समारोह शाम चार बजे मालियों की पुलिया स्थित ताज पैलेस में आयोजित होगा, जहां कई जरूरतमंद परिवारों के बेटा-बेटियों का निकाह इस्लामी रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न कराया जाएगा।

आयोजन की सबसे बड़ी विशेषता यह होगी कि इसमें विभिन्न धर्मों और संप्रदायों के धर्मगुरु, संत-महात्मा, सूफी संत, उलेमा, समाजसेवी, शिक्षाविद और शहर के गणमान्य नागरिक एक मंच पर मौजूद रहेंगे। सभी अतिथि नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देकर उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना करेंगे।

खानकाहे वामिकिया अशरफिया और वामिकिया एजुकेशनल एंड वेलफेयर सोसाइटी के पदाधिकारियों ने बताया कि सामूहिक निकाह समारोह का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सहयोग प्रदान करने के साथ-साथ समाज में भाईचारे और सर्वधर्म समभाव की भावना को मजबूत करना है। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश देने का प्रयास किया जाएगा कि विभिन्न धर्मों और समुदायों के लोग मिल-जुलकर सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता को नई मजबूती दे सकते हैं।

आयोजकों के अनुसार समारोह में बड़ी संख्या में उलेमा, मशाइख और विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। उन्होंने शहर और आसपास के क्षेत्र के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।

आयोजकों का मानना है कि यह सामूहिक निकाह समारोह सामाजिक जिम्मेदारी निभाने के साथ-साथ समाज में सकारात्मक संदेश देने वाला एक यादगार आयोजन साबित होगा।

Saurabh Gupta
Author: Saurabh Gupta

विज्ञापन
ताजा खबर