ट्रेंडिंग स्टोरी
विज्ञापन

सपाइयों शर्म करो…चुल्लू भर पानी में डूब मरो :: ओम प्रकाश राजभर

Spread the love

 

सपाइयों शर्म करो…चुल्लू भर पानी में डूब मरो :: ओम प्रकाश राजभर

“सूर्य चौहान हत्याकांड पर सियासी संग्राम तेज, ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव को घेरा; कहा- वोट बैंक की राजनीति में इंसानियत न भूलें”

रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता

बरेली/लखनऊ। उत्तर प्रदेश में चर्चित सूर्य चौहान हत्याकांड को लेकर सियासी बयानबाजी लगातार तेज होती जा रही है। प्रदेश सरकार में मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और उनकी पार्टी के प्रवक्ताओं पर तीखा हमला बोला है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर किए गए एक लंबे पोस्ट में राजभर ने अखिलेश यादव से अपने प्रवक्ताओं को “इंसानियत का पाठ” पढ़ाने की नसीहत दी। उन्होंने आरोप लगाया कि सूर्य चौहान हत्याकांड के मुख्य आरोपी असद के खिलाफ पुलिस कार्रवाई होने पर सपा नेताओं और प्रवक्ताओं ने कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाने शुरू कर दिए, जबकि मृतक सूर्य चौहान के परिवार के प्रति संवेदना तक व्यक्त नहीं की।

राजभर ने अपने पोस्ट में कहा कि 17 वर्षीय सूर्य चौहान की निर्मम हत्या ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है, लेकिन विपक्षी दलों के कुछ नेताओं की प्रतिक्रिया पीड़ित परिवार के बजाय आरोपी पक्ष के प्रति अधिक सहानुभूति दिखाती नजर आ रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि पुलिस की कार्रवाई से पीड़ित परिवार को न्याय मिलने की उम्मीद जगी है तो कुछ लोगों को इससे परेशानी क्यों हो रही है।

मंत्री राजभर ने सपा पर वोट बैंक की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि राजनीतिक लाभ के लिए कानून-व्यवस्था और न्याय की प्रक्रिया पर सवाल खड़े करना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जनता सब कुछ देख रही है और प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का समर्थन कर रही है।

अपने बयान के अंत में राजभर ने अखिलेश यादव से सूर्य चौहान के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करने की अपील करते हुए कहा कि राजनीति से ऊपर उठकर मानवता और न्याय की बात होनी चाहिए।

सूर्य चौहान हत्याकांड को लेकर प्रदेश की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है और आने वाले दिनों में यह मुद्दा और अधिक गर्माने के संकेत मिल रहे हैं।

Saurabh Gupta
Author: Saurabh Gupta

विज्ञापन
ताजा खबर