ट्रेंडिंग स्टोरी
विज्ञापन

Meta ला सकता है Instagram, Facebook और WhatsApp के नए सब्सक्रिप्शन प्लान, मिलेंगे AI और प्रीमियम फीचर्स

Spread the love

 

Meta ला सकता है Instagram, Facebook और WhatsApp के नए सब्सक्रिप्शन प्लान, मिलेंगे AI और प्रीमियम फीचर्स

रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता 

नई दिल्ली ! टेक कंपनी Meta अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स Instagram, Facebook और WhatsApp के लिए नए पेड सब्सक्रिप्शन मॉडल पर काम कर रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक कंपनी अलग-अलग तरह के प्रीमियम प्लान्स की टेस्टिंग कर रही है, जिनमें यूजर्स को एक्स्ट्रा AI फीचर्स, प्रोफाइल कस्टमाइजेशन और एडवांस टूल्स दिए जा सकते हैं।

बताया जा रहा है कि शुरुआती चरण में इन सर्विसेज की टेस्टिंग कुछ चुनिंदा देशों में होगी, लेकिन आगे चलकर इन्हें दूसरे बाजारों में भी पेश किया जा सकता है। भारत के यूजर्स पर भी इसका असर देखने को मिल सकता है।

Instagram Plus में क्या मिल सकता है?

Instagram के प्रीमियम वर्जन में कई एक्स्ट्रा फीचर्स मिलने की चर्चा है। इनमें स्टोरी व्यूज से जुड़ी अतिरिक्त जानकारी, अलग-अलग ऑडियंस लिस्ट बनाने का विकल्प और स्टोरी को ज्यादा समय तक प्रोफाइल पर रखने की सुविधा शामिल हो सकती है।

इसके अलावा यूजर्स को प्रोफाइल कस्टमाइजेशन के लिए नए फॉन्ट्स, ऐप आइकन बदलने का ऑप्शन और ज्यादा पोस्ट पिन करने जैसी सुविधाएं भी मिल सकती हैं। कुछ फीचर्स ऐसे भी बताए जा रहे हैं जिनसे यूजर्स बिना पहचान दिखाए स्टोरी देख सकेंगे।

Facebook यूजर्स को मिल सकते हैं प्रोफेशनल टूल्स

Facebook के संभावित पेड प्लान में कंटेंट क्रिएटर्स और बिजनेस यूजर्स के लिए खास टूल्स जोड़े जा सकते हैं। इनमें ऑडियंस इनसाइट्स, एंगेजमेंट ट्रैकिंग और सोशल एक्सप्रेशन से जुड़े फीचर्स शामिल होने की संभावना है।

कंपनी प्रोफेशनल यूजर्स को बेहतर विजिबिलिटी और कंटेंट मैनेजमेंट के विकल्प भी दे सकती है।

WhatsApp में बढ़ सकता है कस्टमाइजेशन

WhatsApp के प्रीमियम वर्जन में चैटिंग एक्सपीरियंस को ज्यादा पर्सनल बनाने पर जोर दिया जा सकता है। रिपोर्ट्स के अनुसार यूजर्स को अलग-अलग थीम, कस्टम रिंगटोन, ज्यादा चैट पिन करने और चैट लिस्ट को अपने हिसाब से मैनेज करने की सुविधा मिल सकती है।

इसके अलावा एक्सक्लूसिव स्टिकर्स और अन्य प्रीमियम मैसेजिंग फीचर्स भी जोड़े जा सकते हैं।

AI फीचर्स पर Meta का खास फोकस

कंपनी कथित तौर पर Meta One नाम से AI आधारित नए सब्सक्रिप्शन प्लान्स पर काम कर रही है। इनमें एडवांस AI टूल्स, फोटो और वीडियो जनरेशन सुविधाएं और बड़े AI टास्क के लिए बेहतर प्रोसेसिंग जैसी खूबियां शामिल हो सकती हैं।

माना जा रहा है कि सामान्य AI फीचर्स मुफ्त रहेंगे, लेकिन एडवांस सुविधाओं के लिए यूजर्स को अलग से भुगतान करना पड़ सकता है।

क्रिएटर्स और बिजनेस यूजर्स पर रहेगा फोकस

रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया है कि कुछ हाई-एंड प्लान्स में वेरिफाइड बैज, फेक अकाउंट से सुरक्षा, एडवांस एनालिटिक्स और पोस्ट शेड्यूलिंग जैसी सुविधाएं मिल सकती हैं।

इसके साथ ही मॉडरेटर एक्सेस और ओरिजिनल कंटेंट की कॉपी होने पर अलर्ट जैसे फीचर्स भी शामिल किए जा सकते हैं, जिससे कंटेंट क्रिएटर्स और बिजनेस अकाउंट्स को फायदा होगा।

फिलहाल कंपनी की ओर से सभी फीचर्स और कीमतों को लेकर आधिकारिक वैश्विक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन आने वाले समय में Meta अपने प्लेटफॉर्म्स पर AI और प्रीमियम सेवाओं को तेजी से बढ़ा सकता है।

Saurabh Gupta
Author: Saurabh Gupta