
मनौना धाम को मिला पर्यटन स्थल का दर्जा: बाबा श्याम के दरबार में उमड़ रही आस्था, अब मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
रिपोर्ट : विनोद गुप्ता
रामपुर। उत्तर प्रदेश के प्रसिद्ध आस्था केंद्र मनौना धाम को राज्य सरकार ने पर्यटन स्थल घोषित कर दिया है। इस फैसले से श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। धाम पर हर रोज देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में भक्त पहुंच रहे हैं, जिनमें मरीज भी शामिल हैं जो एम्बुलेंस और अन्य वाहनों से यहां आते हैं।
श्री श्याम मंदिर मनौना धाम अपनी अलग पहचान रखता है। यहां मौसम की परवाह किए बिना सालभर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ता रहता है। मंदिर के कपाट खुलने से कई घंटे पहले ही भक्त लाइन में लग जाते हैं। श्रद्धालु बाबा श्याम के दर्शन के साथ-साथ महंत श्री ओमेन्द्र महाराज से आशीर्वाद प्राप्त करते हैं।
मान्यता है कि यहां आस्था और विश्वास के साथ आने वाले भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। महंत का कहना है कि बाबा श्याम के दरबार से कोई भी खाली हाथ नहीं लौटता।
हाल ही में मुंबई के बोरीवली में आयोजित आरोग्य यात्रा कार्यक्रम में भी महंत ओमेन्द्र महाराज के प्रति श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। हजारों भक्तों ने घंटों इंतजार कर उनका आशीर्वाद लिया।
अब प्रदेश सरकार द्वारा करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से मनौना धाम को विकसित किया जाएगा। योजना के तहत यहां आधुनिक यात्री शेड, भव्य प्रवेश द्वार, विशाल पार्किंग, सामुदायिक भवन, शौचालय, स्वच्छ पेयजल और धर्मशालाओं जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। क्षेत्रीय पर्यटन विभाग ने प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेज दिया है।
मंदिर समिति के व्यवस्थापक एडवोकेट श्यामेंद्र चौहान ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताया है। साथ ही सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री के मनौना धाम के संभावित दौरे की भी चर्चा है।
पर्यटन स्थल का दर्जा मिलने के बाद मनौना धाम देश-विदेश के श्रद्धालुओं के लिए और भी आकर्षण का केंद्र बनने की उम्मीद है।