
शादी की खुशियां मातम में बदली अज्ञात वाहन की टक्कर से नवविवाहित युवक की मौत
रिपोर्ट : विवेक गुप्ता
सिरौली । थाना सिरौली के नवाबपुरा पुलिस चौकी क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। अज्ञात वाहन की चपेट में आने से 18 वर्षीय नवविवाहित युवक विकास यादव की मौके पर ही मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
दो माह पूर्व ही रचाया था ब्याह ग्राम खरगपुर निवासी श्याम सिंह यादव का 18 वर्षीय पुत्र विकास यादव मंगलवार की रात अपने एक दोस्त के विवाह समारोह में शामिल होने के लिए सुकटिया गया था। परिजनों ने बताया कि विकास की शादी अभी मात्र दो महीने पहले ही हुई थी। घर में नई बहू के आने की खुशियां अभी थमी भी नहीं थीं कि इस हादसे ने हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया।
विकास के पिता श्याम सिंह ने बताया कि मंगलवार रात उन्होंने अपने बेटे को फोन किया था। फोन पर विकास ने पिता से कहा था। पिता श्याम सिंह ने बताया मैं सुबह घर आऊँगा। किसे पता था कि बेटे के ये शब्द अंतिम साबित होंगे। रात के समय वापस लौटते वक्त नवाबपुरा चौकी क्षेत्र में किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि विकास की मौके पर ही मौत हो गई और उसका शव सड़क किनारे जा गिरा।
बुधवार सुबह जब ग्रामीण अपने खेतों की ओर जा रहे थे, तब उन्होंने सड़क किनारे एक क्षतिग्रस्त बाइक और एक युवक का लहूलुहान शव पड़ा देखा। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सिरौली, विनोद सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और बाइक के नंबर के आधार पर युवक की शिनाख्त खरगपुर निवासी विकास यादव के रूप में की। पुलिस द्वारा सूचना दिए जाने पर बदहवास परिजन मौके पर पहुंचे। जवान बेटे का शव देख माता-पिता और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है।
थाना प्रभारी विनोद सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अज्ञात वाहन की तलाश के लिए आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।