
शादी से लौट रहे युवक की दर्दनाक सड़क हादसे में मौत, परिवार में मचा कोहराम
रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता
बरेली। अलीगंज थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है, जहां शादी से लौट रहे एक युवक की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, गांव धनेती करकपुर निवासी 28 वर्षीय खेमपाल वर्मा पुत्र देवकीनंदन बदायूं जिले के शेखूपुर में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। देर रात वह मोटरसाइकिल से वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान भमोरा थाना क्षेत्र के गांव सिरोही के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि खेमपाल वर्मा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल भेज दिया। सुबह करीब 6 बजे शव अस्पताल पहुंचाया गया, जहां परिजनों को सूचना दी गई। बेटे की मौत की खबर सुनते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। वहीं, इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।