
अर्बन अस्पताल के रिकॉर्ड में ‘फर्जी डॉक्टर’ का मामला, सील तोड़कर ओटी-पैथोलॉजी चलाने के बाद दस्तावेजों पर भी सवाल
रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता
बरेली। अर्बन अस्पताल की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। ओटी और पैथोलॉजी को सील किए जाने के बावजूद सील टूटने के मामले की जांच के बीच अस्पताल के रिकॉर्ड में दर्ज एक चिकित्सक ने ही अपने नाम और दस्तावेजों के कथित दुरुपयोग का आरोप लगा दिया है। स्वास्थ्य विभाग के रिकॉर्ड में डॉ. आदित्य आर्या को अस्पताल का पर्सन इंचार्ज दर्शाया गया था, लेकिन डॉक्टर ने सीएमओ कार्यालय में लिखित जवाब देकर कहा है कि उन्होंने अर्बन अस्पताल में कभी इस पद पर काम नहीं किया। उनके दस्तावेजों का गलत इस्तेमाल किए जाने का भी दावा किया गया है।
एक ही डॉक्टर का दो अस्पतालों में पर्सन इंचार्ज के तौर पर रिकॉर्ड
स्वास्थ्य विभाग की जांच के दौरान अर्बन अस्पताल के कागजात में डॉ. आदित्य आर्या का नाम पर्सन इंचार्ज के रूप में सामने आया। इसी दौरान विभागीय रिकॉर्ड में उनका नाम फैय्याज केयर अस्पताल में भी इसी जिम्मेदारी के साथ दर्ज मिला। एक चिकित्सक के एक साथ दो अस्पतालों में पर्सन इंचार्ज दर्शाए जाने पर सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह ने डॉ. आदित्य आर्या को नोटिस भेजकर स्थिति स्पष्ट करने को कहा।
डॉक्टर का जवाब- अर्बन अस्पताल में कभी नहीं किया काम
नोटिस के जवाब में डॉ. आदित्य आर्या ने विभाग को दिए लिखित बयान में कहा कि वह फैय्याज केयर अस्पताल में पर्सन इंचार्ज के रूप में कार्य कर रहे हैं। उनका कहना है कि अर्बन अस्पताल के दस्तावेजों में उन्हें पर्सन इंचार्ज दिखाने के लिए उनके कागजात का कथित तौर पर गलत इस्तेमाल किया गया। डॉक्टर के इस बयान के बाद स्वास्थ्य विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अस्पताल द्वारा प्रस्तुत दस्तावेजों और डॉक्टर के बयान का मिलान शुरू कर दिया है।
सील के बावजूद ओटी और पैथोलॉजी में गतिविधियों का आरोप
अर्बन अस्पताल पर पहले से ही स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई चल रही है। निरीक्षण के दौरान ओटी और पैथोलॉजी में खामियां मिलने पर डिप्टी सीएमओ डॉ. लईक अंसारी और डॉ. अजय की टीम ने दोनों स्थानों को सील कर दिया था। बाद में दोबारा निरीक्षण के दौरान दोनों जगह लगी सील टूटी हुई मिली।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, सील लगाए जाने के बाद भी वहां चिकित्सकीय गतिविधियां संचालित किए जाने और मरीजों की जांच व उपचार किए जाने की शिकायत सामने आई। इस मामले में अस्पताल प्रबंधक फिरोज को पहले ही नोटिस जारी किया जा चुका है।
दो मामलों में घिरा अस्पताल प्रबंधन, जांच के बाद होगी कार्रवाई
अब अर्बन अस्पताल के सामने दो अलग-अलग मामलों में जवाबदेही तय होने का सवाल है। एक ओर सील तोड़कर ओटी और पैथोलॉजी संचालित किए जाने की जांच चल रही है, वहीं दूसरी ओर डॉक्टर के नाम और दस्तावेजों के कथित दुरुपयोग का मामला भी जांच के घेरे में आ गया है।
सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह के मुताबिक, एक चिकित्सक एक समय में एक ही अस्पताल में पर्सन इंचार्ज के रूप में कार्य कर सकता है। डॉ. आदित्य आर्या की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच कराई जा रही है। दस्तावेजों की जांच में आरोप सही पाए जाने पर अर्बन अस्पताल के प्रबंधन के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।