ट्रेंडिंग स्टोरी
विज्ञापन

अजंता स्वीट हाउस के बाहर पार्किंग का ‘मिठास’ में घुला जाम, जिम्मेदारों की चुप्पी पर उठे सवाल

Spread the love

 

अजंता स्वीट हाउस के बाहर पार्किंग का ‘मिठास’ में घुला जाम, जिम्मेदारों की चुप्पी पर उठे सवाल

त्योहार पर सड़क बनी पार्किंग स्थल, वाहनों की कतार से थमा यातायात

रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता

बरेली। त्योहार का मौसम आते ही बाजारों में भीड़ बढ़ गई है, लेकिन इसी के साथ शहर की यातायात व्यवस्था की पोल भी खुलने लगी है। कोतवाली थाना क्षेत्र के विकास भवन रोड पर अजंता स्वीट हाउस के बाहर बेतरतीब खड़े वाहनों ने सड़क को मानो पार्किंग स्थल में बदल दिया। सड़क किनारे अव्यवस्थित तरीके से वाहन खड़े होने से लंबा जाम लग गया और राहगीरों के साथ वाहन चालकों को भी भारी परेशानी उठानी पड़ी।

प्रतिष्ठान पर खरीदारी के लिए आने वाले लोगों के वाहन सड़क किनारे खड़े होने से यातायात की रफ्तार थम गई। देखते ही देखते वाहनों की लंबी कतार लग गई। त्योहार के मौके पर पहले से बढ़े यातायात दबाव के बीच अवैध और बेतरतीब पार्किंग ने समस्या को और विकराल कर दिया।

बड़ा प्रतिष्ठान, पार्किंग की व्यवस्था कहां?

शहर के प्रतिष्ठित प्रतिष्ठान के बाहर पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था न होने को लेकर अब सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि किसी बड़े व्यावसायिक प्रतिष्ठान के लिए पार्किंग की व्यवस्था जरूरी है तो बिना पर्याप्त पार्किंग सुविधा के उसे अनुमति या संबंधित विभागों से अनापत्ति प्रमाणपत्र (NOC) कैसे मिल जाता है? सवाल यह भी है कि सड़क पर वाहन खड़े होने से राहगीरों और यातायात को होने वाली परेशानी के लिए आखिर जिम्मेदार कौन है?

स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क पर लगातार वाहनों के खड़े रहने के बावजूद जिम्मेदार विभागों की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। इससे लोगों में नाराजगी है। उनका कहना है कि त्योहार के दौरान बाजारों में भीड़ बढ़ने के मद्देनजर पहले से यातायात प्रबंधन की व्यवस्था होनी चाहिए थी, लेकिन मौके पर हालात इसके उलट नजर आ रहे हैं।

‘जाम का जंजाल’ खत्म करने की मांग

अवैध पार्किंग के कारण सड़क संकरी होने से पैदल राहगीरों को भी निकलने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे बेतरतीब पार्किंग पर तत्काल रोक लगाने, यातायात पुलिस की तैनाती बढ़ाने और जिम्मेदार विभागों की ओर से जांच कराकर व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है।

लोगों का कहना है कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो त्योहारों के दौरान इस मार्ग पर जाम की समस्या और गंभीर हो सकती है। अब देखना यह है कि जिम्मेदार विभाग सड़क को पार्किंग से मुक्त कराने के लिए कार्रवाई करते हैं या फिर जाम की यह कहानी यूं ही चलती रहती है।

Saurabh Gupta
Author: Saurabh Gupta

विज्ञापन
ताजा खबर