
ग्राहक हितों और सामाजिक सरोकारों को मजबूती देगा संगठन : लाखन सिंह
नोएडा महानगर की नई कार्यकारिणी गठित, अजय मुखिया को मेरठ प्रांत में रोजगार सह प्रमुख की जिम्मेदारी
रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता
नोएडा। अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत ने संगठन विस्तार और उपभोक्ता हितों की आवाज को मजबूत करने की दिशा में नोएडा महानगर की नई कार्यकारिणी का गठन किया है। क्षेत्रीय संगठन मंत्री लाखन सिंह के मार्गदर्शन में संगठन की गतिविधियों को गति देने और ग्राहक जागरूकता को गांव-गांव तक पहुंचाने पर जोर दिया जा रहा है। रविवार को आयोजित बैठक में नोएडा महानगर की नई टीम की घोषणा की गई।
मेरठ प्रांत अध्यक्ष डा. विपिन गुप्ता और प्रांत संगठन मंत्री नरेंद्र शर्मा ने नई कार्यकारिणी की घोषणा की। सेक्टर-112 निवासी अजय मुखिया को मेरठ प्रांत में रोजगार सह प्रमुख का दायित्व सौंपा गया। जिम्मेदारी मिलने पर पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।
नई कार्यकारिणी में अजय कुमार पांडेय को महानगर अध्यक्ष, अरुण कुमार सिंह को उपाध्यक्ष, जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव को सचिव, आदित्य नारायण सिंह और प्रभाकर झा को सह सचिव, आकाश कुमार को मीडिया प्रभारी, अमरजीत यादव को कोषाध्यक्ष तथा बालेंद्र विश्वकर्मा को रोजगार सृजन प्रमुख बनाया गया।
बच्चों के सोशल मीडिया इस्तेमाल पर कानून की मांग
बैठक में बच्चों के मोबाइल और सोशल मीडिया इस्तेमाल को लेकर भी चर्चा हुई। प्रांत प्रचार आयाम प्रमुख पवन कुमार ने कहा कि 15 वर्ष तक के बच्चों के सोशल मीडिया इस्तेमाल को प्रतिबंधित करने की दिशा में प्रभावी कानून बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस उम्र के बच्चों को मोबाइल का इस्तेमाल केवल आवश्यक शैक्षिक कार्यों तक सीमित रखने और उनके सोशल मीडिया अकाउंट पर प्रतिबंध लगाने की जरूरत है। इस संबंध में केंद्र सरकार को पत्र भेजकर कानून बनाने की मांग की गई है।
कार में आग या पानी भरने पर सुरक्षा उपाय बताए जाएं
वाहन सुरक्षा का मुद्दा भी बैठक में प्रमुखता से उठा। मेरठ प्रांत अध्यक्ष डा. विपिन गुप्ता ने कहा कि वाहन कंपनियां ग्राहकों को कार के सुरक्षा फीचर की जानकारी तो देती हैं, लेकिन आग लगने, कार के पानी में फंसने या दुर्घटना के दौरान सेंट्रल लॉक जाम होने जैसी आपात स्थितियों में बाहर निकलने के तरीकों की पर्याप्त जानकारी नहीं दी जाती।
उन्होंने कहा कि ग्राहकों को वाहन खरीदते समय ही ऐसी परिस्थितियों से निपटने के व्यावहारिक सुरक्षा उपाय बताए जाने चाहिए। ग्राहक पंचायत इस मुद्दे पर विशेष अभियान शुरू करेगी और कार कंपनियों के शोरूम में वाहन की बिक्री के साथ आपातकालीन सुरक्षा प्रशिक्षण अथवा जानकारी उपलब्ध कराने की मांग करेगी।
गांव-गांव तक पहुंचेगा ग्राहक जागरूकता अभियान
क्षेत्रीय संगठन मंत्री लाखन सिंह ने कहा कि ग्राहक हितों की लड़ाई को केवल शहरों तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए। संगठन का लक्ष्य गांव-गांव तक पहुंचकर लोगों को उनके उपभोक्ता अधिकारों, सुरक्षा, शिकायत निवारण और बाजार में उपलब्ध विकल्पों की जानकारी देना है।
उन्होंने कहा कि सदस्यता अभियान के जरिए अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ा जाएगा। ग्राम पंचायत स्तर तक ग्राहक जागरूकता कार्यक्रम पहुंचाने के साथ ग्राहक मार्गदर्शन सेवा केंद्रों की भूमिका भी मजबूत की जाएगी। उन्होंने कहा कि जागरूक ग्राहक और मजबूत संगठन ही अनुचित व्यापारिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगा सकते हैं।
कार्यक्रम के आयोजन और संचालन में अमित यादव की भूमिका रही। प्रांत प्रचार आयाम प्रमुख पवन कुमार, महिला आयाम प्रमुख सुमन जैन, प्रांत प्रचार प्रमुख पवन त्यागी, नोएडा महानगर अध्यक्ष अजय पांडेय, उपाध्यक्ष अरुण कुमार, ज्ञानेन्द्र, सचिव जितेंद्र श्रीवास्तव, सह सचिव आदित्य नारायण सिंह, प्रभाकर झा, कोषाध्यक्ष अमरजीत यादव, मीडिया प्रभारी आकाश कुमार, अरुण यादव सहित संगठन के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।