ट्रेंडिंग स्टोरी
विज्ञापन

नकटिया नदी पुनर्जीवन अभियान में इन्वर्टिस विश्वविद्यालय के लगभग 1,000 विद्यार्थियों ने लिया सहभागिता का संकल्प

Spread the love

 

नकटिया नदी पुनर्जीवन अभियान में इन्वर्टिस विश्वविद्यालय के लगभग 1,000 विद्यार्थियों ने लिया सहभागिता का संकल्प

रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता 

बरेली, 20 अगस्त 2026:  नकटिया नदी के जल निकाय के स्वच्छीकरण, पुनर्जीवन एवं पर्यावरणीय संरक्षण के उद्देश्य से आज बरेली कैंटोनमेंट बोर्ड द्वारा व्यापक नदी पुनर्जीवन एवं स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गयाअभियान में इन्वर्टिस विश्वविद्यालय, बरेली के लगभग 1,000 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए नकटिया नदी को स्वच्छ, निर्मल एवं जीवंत बनाने के प्रयासों में सक्रिय जनभागीदारी का परिचय दिया

अभियान का उद्देश्य केवल नदी की सफाई तक सीमित न होकर नदी के जलग्रहण क्षेत्र, जल निकासी तंत्र एवं आसपास के क्षेत्रों से प्रदूषण के स्रोतों को चिन्हित कर उन्हें नियंत्रित करना तथा नागरिकों एवं युवाओं में जल संरक्षण और नदी संरक्षण के प्रति स्थायी जागरूकता उत्पन्न करना है।

इस अवसर पर डॉ. तनु जैन, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, बरेली कैंटोनमेंट बोर्ड के मार्गदर्शन में कैंटोनमेंट बोर्ड के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विद्यार्थियों को आवश्यक सहयोग एवं व्यवस्थागत सहायता प्रदान की। अभियान के दौरान सफाई एवं नदी पुनर्जीवन कार्यों के लिए JCB मशीन सहित आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था की गई। प्रतिभागियों की सुरक्षा एवं आकस्मिक चिकित्सा आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए मेडिकल एम्बुलेंस एवं प्राथमिक चिकित्सा सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गईं।

इन्वर्टिस विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने नदी क्षेत्र में सक्रिय रूप से श्रमदान करते हुए कचरे एवं प्लास्टिक आदि को हटाने में सहयोग किया। इतनी बड़ी संख्या में युवाओं की सहभागिता ने यह संदेश दिया कि नदियों का पुनर्जीवन केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग की सामूहिक जिम्मेदारी है।

डॉ. तनु जैन, CEO, बरेली कैंटोनमेंट बोर्ड ने कहा कि नकटिया नदी पुनर्जीवन अभियान को जनभागीदारी, पर्यावरणीय संवेदनशीलता और सतत जल प्रबंधन के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा और सामुदायिक सहभागिता को नदी संरक्षण से जोड़कर नकटिया नदी के पुनर्जीवन को एक दीर्घकालिक जन-अभियान का स्वरूप दिया जाएगा।

अभियान के माध्यम से “स्वच्छ नदी–स्वस्थ समाज–हरित भविष्य” का संदेश दिया गया तथा नागरिकों, विद्यार्थियों एवं संस्थानों से नकटिया नदी के संरक्षण एवं पुनर्जीवन में निरंतर सहयोग की अपील की गई।

बरेली कैंटोनमेंट बोर्ड का संकल्प है कि नकटिया नदी को स्वच्छ, हरित, प्रदूषण-मुक्त एवं पुनर्जीवित जल निकाय के रूप में विकसित करने के लिए सफाई, जन-जागरूकता, जल संरक्षण, जैव-विविधता संरक्षण एवं हरित क्षेत्र विस्तार के प्रयास निरंतर जारी रखे जाएंगे।

Saurabh Gupta
Author: Saurabh Gupta

विज्ञापन
ताजा खबर