
बरेली मे पेपर लीक के मुद्दे पर कांग्रेस का प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री से इस्तीफे की मांग
रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता
बरेली। शहर के रोटरी भवन में आयोजित “छात्रों की गूंज” कार्यक्रम में पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था और छात्रों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर कांग्रेस और एनएसयूआई नेताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र, युवा और कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एनएसयूआई के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक नदीम जावेद रहे, जबकि इसकी अध्यक्षता उत्तर प्रदेश पश्चिम युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पारस शुक्ला ने की। वक्ताओं ने हाल के वर्षों में सामने आए पेपर लीक मामलों को युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर चुनौती बताया।
पारस शुक्ला ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में बार-बार पेपर लीक होने की घटनाओं से लाखों अभ्यर्थियों की मेहनत प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को लगातार उठा रही है और छात्रों के हितों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग भी दोहराई।
मुख्य अतिथि नदीम जावेद ने अपने संबोधन में आरोप लगाया कि सरकार शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने और पेपर लीक जैसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने में सफल नहीं रही है। उन्होंने कहा कि छात्रों से जुड़े मुद्दों का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने शिक्षा व्यवस्था में सुधार और युवाओं के हितों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित छात्र-युवाओं ने निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली और पेपर लीक जैसी घटनाओं पर सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए आगे भी लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का संचालन महेश पंडित ने किया। इस दौरान कांग्रेस और एनएसयूआई के कई पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में छात्र-युवा मौजूद रहे।