
झारखंड से बरेली तक अफीम की तस्करी का नेटवर्क ध्वस्त, दो अंतरराज्यीय तस्कर दबोचे, करीब दो किलो अफीम बरामद
रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता
बरेली। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बरेली पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना सुभाषनगर पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए झारखंड से अफीम लाकर बरेली में खपाने वाले दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 1.971 किलोग्राम अफीम और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। बरामद अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, 21 जुलाई को मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर बदायूं रोड से मिलक रौंधी जाने वाले मार्ग पर घेराबंदी की गई। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधियों में शामिल दो लोगों को रोककर तलाशी ली गई। पूछताछ में उनकी पहचान सर्वेश कुमार निवासी सिरौली, बरेली और रामवृक्ष कुमार निवासी चतरा, झारखंड के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान सर्वेश के पास से 967 ग्राम और रामवृक्ष के कब्जे से 1004 ग्राम अफीम बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और उनके कब्जे से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे झारखंड से अफीम लाकर बरेली और आसपास के क्षेत्रों में इसकी सप्लाई करते थे। इस बार भी वे बिक्री के उद्देश्य से बड़ी खेप लेकर पहुंचे थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस के हत्थे चढ़ गए।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस तस्करी नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हैं तथा अफीम की खेप किन लोगों तक पहुंचाई जानी थी। पुलिस का मानना है कि पूछताछ से मादक पदार्थों के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हो सकता है।
इस कार्रवाई को थाना सुभाषनगर पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम की बड़ी सफलता माना जा रहा है।