ट्रेंडिंग स्टोरी
विज्ञापन

खाद संकट और स्मार्ट मीटर के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, राज्यपाल के नाम भेजा ज्ञापन

Spread the love

खाद संकट और स्मार्ट मीटर के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, राज्यपाल के नाम भेजा ज्ञापन

रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता

बरेली। किसानों को समय पर यूरिया और डीएपी खाद उपलब्ध कराने तथा स्मार्ट मीटरों से बढ़े बिजली बिलों के मुद्दे को लेकर बुधवार को महानगर कांग्रेस कमेटी ने कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। महानगर अध्यक्ष एडवोकेट दिनेश दादा और प्रदेश प्रवक्ता राज शर्मा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी को सौंपकर दोनों समस्याओं के समाधान की मांग की।

ज्ञापन में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि खरीफ सीजन के दौरान धान की रोपाई और बुवाई का कार्य तेज़ी से चल रहा है। ऐसे समय किसानों को यूरिया और डीएपी खाद की सबसे अधिक आवश्यकता होती है, लेकिन कई स्थानों पर उन्हें खाद लेने के लिए लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है। पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध न होने से खेती का काम प्रभावित हो रहा है और किसानों को आर्थिक व मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

कांग्रेस ने स्मार्ट मीटरों को लेकर भी चिंता जताई। नेताओं का कहना था कि कई उपभोक्ताओं की शिकायत है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली की खपत अधिक दर्ज हो रही है, जिससे बिलों में अप्रत्याशित वृद्धि देखने को मिल रही है। उनका आरोप है कि पहले से महंगाई की मार झेल रही जनता पर बढ़े हुए बिजली बिल अतिरिक्त बोझ बन गए हैं।

ज्ञापन के माध्यम से राज्यपाल से मांग की गई कि किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाए जाएं। साथ ही स्मार्ट मीटरों से संबंधित शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराकर पात्र उपभोक्ताओं को राहत दी जाए।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि इन जनहित के मुद्दों पर शीघ्र समाधान नहीं निकाला गया तो पार्टी व्यापक स्तर पर आंदोलन शुरू करने के लिए बाध्य होगी।

इस दौरान डॉ. हरीश गंगवार, मनोज शर्मा, देवेंद्र प्रकाश, मोसीन अंसारी, सुरेश दिवाकर, सतीश चंद्रा, पूर्व विधायक छोटेलाल गंगवार, मुजम्मिल हुसैन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Saurabh Gupta
Author: Saurabh Gupta