
दहेज प्रताड़ना का विरोध करने पर महिला और उसके बेटों पर हमला, एसएसपी से लगाई न्याय की गुहार
रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता
बरेली। बारादरी क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने अपने ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना, मारपीट और जानलेवा हमले का आरोप लगाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर न्याय की मांग की है। पीड़िता का आरोप है कि शादी के 10 वर्ष बाद भी उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता रहा और हाल ही में उसके व उसके बेटों पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया।
प्रार्थना पत्र के अनुसार, महिला की शादी मोहसिन नामक युवक से हुई थी। विवाह में मोटरसाइकिल, फर्नीचर और अन्य घरेलू सामान दिए जाने के बावजूद ससुराल पक्ष कथित रूप से दहेज की मांग करता रहा। महिला का कहना है कि लगातार उत्पीड़न के चलते उसे दो बेटों सहित घर से निकाल दिया गया था।
पीड़िता के मुताबिक, 1 जून 2026 को उसके पति का फोन आया कि बेटे की तबीयत खराब है। जब वह ससुराल पहुंची तो वहां पहले से मौजूद कई लोगों ने उसके साथ अभद्रता की। विरोध करने पर महिला, उसके बेटों और उसकी मां के साथ मारपीट की गई। आरोप है कि लोहे के डंडे से हमला किए जाने पर उसकी मां गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गईं।
महिला का कहना है कि घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग भी उसके पास मौजूद है, लेकिन शिकायत के बावजूद पुलिस ने अब तक आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं की। पीड़िता ने एसएसपी से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।