
बरेली मे एसएसपी अनुराग आर्य का बड़ा एक्शन: 49 दिन में ही हटे कोतवाल धनंजय पांडेय, 11 दरोगा-इंस्पेक्टर बदले
बरेली पुलिस में फिर चला SSP अनुराग आर्य का ‘परफॉर्मेंस फॉर्मूला’, कई थानों की बदली तस्वीर
काम नहीं तो कुर्सी भी नहीं! SSP अनुराग आर्य ने 11 पुलिस अफसरों के किए तबादले, कई थानेदार भी बदले
रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता
बरेली ! बरेली में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल करते हुए 11 निरीक्षक और उपनिरीक्षकों के तबादले कर दिए हैं। इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हलचल तेज हो गई है। सबसे ज्यादा चर्चा शहर कोतवाली प्रभारी धनंजय कुमार पांडेय के तबादले को लेकर हो रही है, जिन्हें महज 49 दिन बाद ही कोतवाली से हटाकर साइबर थाने की जिम्मेदारी सौंप दी गई है।
धनंजय पांडेय को चार अप्रैल 2026 को बारादरी थाने से शहर कोतवाली भेजा गया था। इससे पहले वह इज्जतनगर और फतेहगंज पश्चिमी थाने में भी प्रभारी रह चुके हैं। अब उनकी जगह भोजीपुरा थाने के इंस्पेक्टर राजीव कुमार सिंह को शहर कोतवाली का नया प्रभारी बनाया गया है।
इस तबादला सूची में तीन ऐसे अधिकारी भी शामिल हैं, जो अपनी नई तैनाती पर 49 दिन भी नहीं टिक सके। कुंवर बहादुर सिंह को अप्रैल में आंवला से साइबर थाने भेजा गया था, लेकिन अब उन्हें भोजीपुरा थाने का चार्ज दे दिया गया है। वहीं उपनिरीक्षक संतोष कुमार सिंह को अप्रैल में एएचटीयू से किला थाने भेजा गया था और अब उनका तबादला आंवला थाने में कर दिया गया है।
तबादलों की सूची में अचल कुमार को रिजर्व पुलिस लाइन से किला थाने का प्रभारी बनाया गया है। राजकुमार सिंह को शीशगढ़ से फतेहगंज पूर्वी भेजा गया है। संतोष कुमार को फतेहगंज पूर्वी से हटाकर हाफिजगंज थाने भेजा गया है। प्रवीण कुमार सोलंकी को हाफिजगंज से शिकायत प्रकोष्ठ और आईजीआरएस सेल की जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अलावा रवि कुमार को आईजीआरएस सेल से मीरगंज थाने की कमान सौंपी गई है। संजय तोमर को मीरगंज से हटाकर सर्विलांस सेल भेजा गया है, जबकि प्रयागराज सिंह को फतेहगंज पश्चिमी से बहेड़ी थाने में एसएसआई बनाया गया है।
जून 2024 से जिले की कमान संभाल रहे SSP अनुराग आर्य लगातार पुलिसिंग में कसावट लाने की कोशिश में जुटे हैं। जनसुनवाई, अपराध नियंत्रण और थानों की कार्यप्रणाली की समीक्षा के आधार पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। माना जा रहा है कि हालिया तबादले भी परफॉर्मेंस और कार्यशैली को ध्यान में रखकर किए गए हैं।