
‘लल्ला गद्दी’ बनकर मांगी दो लाख की रंगदारी, पुलिस ने दो बदमाश दबोचे
प्रेम प्रसंग की रंजिश में रची फिरौती की साजिश, फर्जी गैंगस्टर बन धमकाया
बेटे की हत्या की धमकी देकर मांगी रंगदारी, तमंचों समेत दो आरोपी गिरफ्तार
रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता
बरेली ! बरेली में कैंट थाना पुलिस ने खुद को कुख्यात “लल्ला गद्दी” बताकर दो लाख रुपये की रंगदारी मांगने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने अधिवक्ता के बेटे की हत्या कराने की धमकी देकर परिवार में दहशत फैलाने की कोशिश की थी। पुलिस ने उनके कब्जे से दो तमंचे, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल मोबाइल फोन बरामद किए हैं। मामले में एक आरोपी अब भी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
ग्राम चौबारी निवासी अधिवक्ता चन्द्रभान सिंह ने कैंट थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि सात मई को उनके मोबाइल पर एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को “लल्ला गद्दी” बताते हुए उनके बेटे अर्पित सिंह को जान से मरवाने की धमकी दी और दो लाख रुपये की रंगदारी मांगी। शिकायत के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल नंबरों की जांच के आधार पर पुलिस ने चौबारी मोड़ के पास से वैभव सिंह निवासी उछसिया, थाना फतेहगंज पूर्वी और आकाश निवासी वीरपुर नई कॉलोनी, थाना फतेहगंज पूर्वी को गिरफ्तार कर लिया। वहीं अकरम निवासी लाईखेड़ा, थाना कटरा, शाहजहांपुर मौके से फरार हो गया।
पूछताछ में सामने आया कि वैभव का एक युवती से पहले से संपर्क था। युवती की शादी करीब पांच-छह महीने पहले अर्पित सिंह से हुई थी। शादी के बाद दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया। इसी रंजिश के चलते वैभव ने अपने साथियों के साथ मिलकर परिवार को डराने की साजिश रची। आरोपियों ने फर्जी सिम का इस्तेमाल कर खुद को “लल्ला गद्दी” बताकर रंगदारी मांगी।
पुलिस जांच में अब तक “लल्ला गद्दी” की सीधे तौर पर कोई भूमिका सामने नहीं आई है। अधिकारियों के मुताबिक आरोपियों ने केवल खौफ पैदा करने के लिए उसका नाम इस्तेमाल किया था।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक तमंचा 315 बोर, एक तमंचा 32 बोर, दो जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामदगी के आधार पर आरोपियों के खिलाफ आयुध अधिनियम के तहत अलग से मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार दोनों आरोपियों पर पहले से मारपीट, धमकी और आयुध अधिनियम के कई मामले दर्ज हैं। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।