
दिवंगत मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव का निधन, लखनऊ में संदिग्ध हालात में मौत
सपा परिवार में शोक: अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव नहीं रहे, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
लखनऊ में प्रतीक यादव की मौत से सनसनी, मोबाइल सीज कर जांच में जुटी पुलिस
अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव का निधन, संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
रिपोर्ट : लख़नऊ ब्यूरो
लखनऊ। समाजवादी पार्टी प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के भाई तथा भाजपा नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का बुधवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में निधन हो गया। उन्हें सुबह करीब 6:15 बजे लखनऊ के सिविल अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में शोक की लहर दौड़ गई है।
परिजनों के अनुसार, प्रतीक यादव घर पर सो रहे थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
सूत्रों के मुताबिक, प्रतीक यादव के शरीर पर किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं मिले हैं। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। शव का पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए केजीएमयू भेज दिया गया है। डॉक्टरों का पैनल पोस्टमार्टम करेगा, जिसके बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
पुलिस ने जांच के तहत प्रतीक यादव का मोबाइल फोन भी कब्जे में ले लिया है। अधिकारियों का कहना है कि हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
प्रतीक यादव राजनीतिक गतिविधियों से अपेक्षाकृत दूर रहते थे। वह फिटनेस और व्यवसायिक गतिविधियों से जुड़े हुए थे। हालांकि यादव परिवार से जुड़े होने के कारण वह अक्सर चर्चा में रहते थे।
फिलहाल परिवार की ओर से कोई विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। वहीं, समर्थकों और शुभचिंतकों का अस्पताल और आवास पर पहुंचना लगातार जारी है।

फोटो : अपर्णा यादव प्रतीक यादव