ट्रेंडिंग स्टोरी
विज्ञापन

बीडीए कॉलोनी विवाद में बड़ा मोड़: 600 मकानों पर लगे निशानों की होगी दोबारा जांच

Spread the love

 

बीडीए कॉलोनी विवाद में बड़ा मोड़: 600 मकानों पर लगे निशानों की होगी दोबारा जांच

त्रिवटीनाथ क्षेत्र में फिर पैमाइश का फैसला, प्रशासन बोला—कॉलोनी वैध

पुराने नक्शे पर कार्रवाई पर सवाल, अब संयुक्त टीम करेगी मौके की जांच

रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता

बरेली। नैनीताल रोड स्थित त्रिवटीनाथ मंदिर क्षेत्र की बीडीए कॉलोनी को लेकर चल रहा विवाद अब अहम मोड़ पर पहुंच गया है। प्रशासन ने कॉलोनी को वैध मानते हुए पूरे इलाके की दोबारा पैमाइश कराने का निर्णय लिया है। इससे 600 से अधिक मकानों पर लगे लाल निशानों को लेकर उठे सवालों पर जल्द स्थिति साफ होने की उम्मीद है।

नगर निगम परिसर में अपर नगर आयुक्त शशिभूषण राय की अध्यक्षता में बीडीए, नगर निगम और राजस्व विभाग के अधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में बीडीए के संयुक्त सचिव दीपक कुमार ने दस्तावेज प्रस्तुत करते हुए बताया कि कॉलोनी का विकास नियमानुसार भूमि अधिग्रहण के बाद किया गया था और इसके नक्शे भी विधिवत स्वीकृत हैं।

हालांकि, रिकॉर्ड मिलान के बाद अधिकारियों ने जमीनी स्थिति की पुष्टि के लिए मौके पर जांच जरूरी मानी। इसके तहत बीडीए, तहसील और नगर निगम की संयुक्त टीम क्षेत्र में जाकर दोबारा पैमाइश करेगी।

बताया जा रहा है कि नगर निगम द्वारा सीएम ग्रिड योजना के तहत सड़क चौड़ीकरण और सौंदर्यीकरण का कार्य किया जा रहा है। इसी प्रक्रिया में करीब 600 भवनों पर लाल निशान लगाकर नोटिस जारी किए गए थे, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ गई।

कॉलोनीवासियों का कहना है कि नगर निगम कार्रवाई के लिए 1920 के पुराने नक्शे का सहारा ले रहा है, जो वर्तमान स्थिति से मेल नहीं खाता। इसी विवाद को देखते हुए प्रशासन ने अब नए सिरे से माप-तौल कराने का फैसला लिया है। जांच पूरी होने के बाद संबंधित विभाग की टीम स्थानीय लोगों के साथ बैठक कर पूरी स्थिति स्पष्ट करेगी।

Saurabh Gupta
Author: Saurabh Gupta