
पाप की गर्त में सिरौली: 15 दिन में तीन नवजात मिले। स्वास्थ्य विभाग की कुंभकर्णी नींद पर उठे सवाल
रिपोर्ट : विवेक गुप्ता
सिरौली। मानवता को शर्मसार करने वाली घटनाओं से सिरौली क्षेत्र दहल उठा है। सोमवार को वसुंधरा इंटर कॉलेज के सामने नाले में एक और नवजात का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पिछले 15 दिनों के भीतर यह तीसरा मामला है। जहाँ किसी ने अपने पाप को छिपाने के लिए मासूम को नाले और रास्तों पर फेंक दिया। प्रशासन की सुस्ती और स्वास्थ्य विभाग की संदिग्ध चुप्पी ने अब जन-आक्रोश की आग भड़का दी है।
नाला बना कत्लगाह ममता हुई शर्मसार
सोमवार को जब राहगीरों ने नाले में नवजात का शव देखा, तो कलेजा मुंह को आ गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर भारी गुस्सा है कि आखिर सिरौली की धरती पर यह कौन सा खूनी खेल चल रहा है। 10 दिन पहले *बड़ागांव और बीते शुक्रवार को बराथानपुर* में भी भ्रूण मिले थे।लेकिन पुलिस के हाथ अब तक खाली हैं।
अवैध नर्सिंग होम, डिग्री किसी की डॉक्टर कोई और
क्षेत्र में चर्चा है कि ये नवजात और भ्रूण यूं ही आसमान से नहीं टपक रहे। नगर के अवैध नर्सिंग होम इस ‘पाप’ की फैक्ट्रियां बने हुए हैं। आरोप है कि यहाँ डिग्री किसी और की और इलाज कोई और कर रहा है। घटना स्थल से महज 50 मीटर की दूरी पर स्थित नर्सिंग होम शक के घेरे में हैं। आश्चर्य की बात यह है कि स्वास्थ्य विभाग ने अभी तक इन पर नजर तक नहीं डाली है। आखिर इन अवैध अस्पतालों पर किसका आशीर्वाद है कि अधिकारी जांच के नाम पर कुंभकर्णी नींद सो रहे हैं।
बजरंग दल की चेतावनी: न्याय नहीं तो धरना
अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद और राष्ट्रीय बजरंग दल के जिला अध्यक्ष नितिन पांडे ने प्रशासन को दो-टूक चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि—
यह मानवता का कत्ल है। अगर प्रशासन ने जल्द ही इन घटनाओं का खुलासा कर दोषियों को जेल नहीं भेजा, तो हमारा संगठन विशाल धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होगा।
थाना प्रभारी विनोद सिंह का कहना है कि पुलिस ने टीम गठित कर दी है और मामले की बारीकी से जांच की जा रही है। जल्द ही दोषियों को बेनकाब किया जाएगा।
क्या स्वास्थ्य विभाग इन अवैध नर्सिंग होमों को सीज करने की हिम्मत जुटा पाएगा या फिर अगली बार किसी और नाले में एक और मासूम का शव मिलने का इंतजार किया जाएगा।