
भारत-अमेरिका कृषि समझौते के खिलाफ बरेली में किसानों का प्रदर्शन, रद्द करने की उठी मांग
रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता
बरेली। शहीद दिवस के अवसर पर किसान एकता संघ ने सोमवार को भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए भारत-अमेरिका कृषि समझौते के विरोध में प्रदर्शन किया। संगठन ने इस समझौते को किसानों और आम जनता के हितों के खिलाफ बताते हुए इसे तत्काल निरस्त करने की मांग की।
इस दौरान राष्ट्रीय संगठन मंत्री डॉ. रवि नागर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जिला अधिकारी कार्यालय पहुंचकर राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि प्रस्तावित कृषि समझौता देश के किसानों के लिए नुकसानदायक है और इसे तुरंत समाप्त किया जाना चाहिए।
किसान एकता संघ ने अपनी प्रमुख मांगों में न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) को कानूनी गारंटी देने, सरकारी विभागों के निजीकरण पर रोक लगाने, बिजली अधिनियम 2025 और बीज अधिनियम 2025 को वापस लेने के साथ-साथ किसानों के पूर्ण कर्ज माफ करने की मांग शामिल की है।
संगठन ने चेतावनी दी कि यदि सरकार जल्द सकारात्मक कदम नहीं उठाती है, तो किसानों के हित में बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा। इस दौरान डॉक्टर हरिओम राठौर, ममता मौर्य, मीना सिंह, मोहिनी मौर्य, विजय मौर्य, प्रकाश गंगवार, पप्पू गुर्जर, घनश्याम गुर्जर, भगवान दास, चंद्रपाल, लखपत सिंह यादव, अवधेश गुर्जर, लाला राम गुर्जर और नरेश समेत कई लोग मौजूद रहे।