बरेली में ‘नाले से निकले अवशेष’ पर बवाल, आजाद हिंदू सेना का प्रशासन पर सीधा हमला

Spread the love

 

बरेली में ‘नाले से निकले अवशेष’ पर बवाल, आजाद हिंदू सेना का प्रशासन पर सीधा हमला

“गो तस्करों के हौसले बुलंद, पुलिस नाकाम”— आज़ाद हिन्दू सेना ने ज्ञापन देकर उठाए बड़े सवाल

मथुरा हत्याकांड से बरेली तक जुड़ा मुद्दा, 48 घंटे में कार्रवाई की मांग

रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता

बरेली। जनपद में गोवंशीय अवशेष मिलने की घटना ने एक बार फिर माहौल को गर्मा दिया है। आजाद हिंदू सेना ने इस मामले को लेकर प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित राठौर ने मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपते हुए कई अहम मांगें उठाईं।

राठौर ने आरोप लगाया कि प्रदेश में गो तस्करी और गो हत्या की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन पुलिस प्रशासन इन्हें रोकने में पूरी तरह असफल साबित हो रहा है। उन्होंने कहा कि हाल ही में मथुरा में हुई “फरसे वाले बाबा” की हत्या ने कानून-व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

संगठन का यह भी आरोप है कि पुलिस असली अपराधियों पर कार्रवाई करने के बजाय गौ रक्षकों को ही निशाना बना रही है और उन्हें मामूली मामलों में फंसाया जा रहा है। बरेली के इज्जतनगर थाना क्षेत्र के परतापुर गांव में 21 और 22 मार्च को नाले में बड़ी मात्रा में गोवंशीय अवशेष मिलने की घटना को भी उन्होंने बेहद गंभीर बताया। उनका कहना है कि पुलिस इस मामले को दबाने की कोशिश कर रही है और केवल औपचारिक कार्रवाई तक सीमित है।

अमित राठौर ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सख्त कदम नहीं उठाए गए तो प्रदेश में अराजकता का माहौल बन सकता है और गो तस्करों के हौसले और बढ़ जाएंगे।

संगठन की प्रमुख मांगें:

मथुरा हत्याकांड का 48 घंटे में खुलासा और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई

निर्दोष गौ रक्षकों की तत्काल रिहाई

परतापुर मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच

गो रक्षा में जान गंवाने वालों के परिवारों को आर्थिक सहायता व सरकारी नौकरी

गो तस्करों पर रासुका के तहत सख्त कार्रवाई

दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई

ज्ञापन सौंपने के दौरान संगठन के रवि शंकर खटीक, धनराज शंखधार, सोनू यादव , गौतम कश्यप ,करन सिंह चौधरी , पवन जुनेजा , अरुण मौर्य , अमन यादव , विशाल बाबा ,लहरी महराज, सुमित शांत गोयल, जोनी , दीपू दिवाकर , महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष मोना श्रीवास्तव , रानू शर्मा आदि मौजूद थे। जिन्होंने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की।

 

Saurabh Gupta
Author: Saurabh Gupta