
वाहन चेकिंग में आंवला पुलिस को बड़ी कामयाबी, दो शातिर बाइक चोर हुऐ गिरफ्तार
रिपोर्ट : विवेक गुप्ता
बरेली। आंवला थाना क्षेत्र में पुलिस ने नियमित वाहन चेकिंग के दौरान दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर एक अहम सफलता हासिल की है। आरोपियों के पास से एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई है, जो गाजियाबाद जनपद से चोरी की गई बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, रामनगर चौकी के पास रात के समय संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो युवक चोरी की बाइक लेकर हरदासपुर की ओर से आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को रोक लिया।
पूछताछ के दौरान जब युवकों से बाइक के दस्तावेज मांगे गए तो वे कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। इस पर पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की, जिसमें उन्होंने बाइक चोरी की बात कबूल कर ली।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दुर्गाप्रसाद (26) निवासी करुआताल और राहुल (25) निवासी मोहल्ला खेड़ा, कस्बा आंवला के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया कि दोनों अपने एक अन्य साथी सोनू उर्फ अरसद के साथ मिलकर गाजियाबाद से मोटरसाइकिल चोरी करते थे। चोरी के बाद वे वाहनों को कुछ समय तक छिपाकर रखते और फिर उन्हें बेचकर रकम आपस में बांट लेते थे।
पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें अदालत में पेश कर दिया है। वहीं फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन कर तलाश जारी है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक नरेन्द्र कुमार, उपनिरीक्षक वेदप्रकाश शर्मा, हेड कांस्टेबल नरेन्द्र कुमार और राजेन्द्र कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।