
रात के अंधेरे में ‘ऑपरेशन नशा क्रैकडाउन’, बारादरी पुलिस का बड़ा वार
363 ग्राम अफीम के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, इलाके में मचा हड़कंप
फुटकर बिक्री की थी तैयारी, पुलिस ने पहले ही खेल किया खत्म
रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता
बरेली। शहर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बारादरी पुलिस ने रविवार देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इनके कब्जे से 363 ग्राम अवैध अफीम बरामद की है। अचानक हुई इस कार्रवाई से गुलजार नगर इलाके में सनसनी फैल गई और नशा कारोबारियों में खौफ का माहौल बन गया है।
पुलिस टीम 22 मार्च की रात गश्त पर थी। इसी दौरान गुलजार नगर पीली मिट्टी के पास दो संदिग्ध युवक नजर आए। शक होने पर पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को मौके पर ही पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से अफीम बरामद हुई, जिसके बाद तुरंत हिरासत में ले लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आशू बजाज (36) निवासी फाल्तूनगंज और सर्वेश (37) निवासी सिकलापुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों काफी समय से नशे के अवैध कारोबार में सक्रिय थे। इनके नेटवर्क की भी जांच शुरू कर दी गई है।
बारादरी थाने में दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और उनसे जुड़े अन्य लोगों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
पूछताछ में खुला राज, छोटे-छोटे पैकेट में बेचने की थी योजना….
पुलिस पूछताछ में आरोपी सर्वेश ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उसने बताया कि बरामद अफीम विसौली क्षेत्र के एक अज्ञात किसान से खरीदी गई थी। योजना थी कि इसे भीड़भाड़ वाले इलाकों में छोटे-छोटे हिस्सों में बेचकर मोटा मुनाफा कमाया जाए, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार सर्वेश पहले भी चोरी और जालसाजी के मामलों में जेल जा चुका है। ऐसे में पुलिस इस पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुट गई है।
मोबाइल और व्हाट्सएप डेटा खंगाल रही पुलिस, बड़े नेटवर्क की तलाश
एसपी सिटी और क्षेत्राधिकारी के निर्देशन में चल रहे अभियान के तहत पुलिस अब आरोपियों के मोबाइल और व्हाट्सएप चैट की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में संकेत मिले हैं कि यह गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और कई इलाकों में नशे की सप्लाई करता था।
पुलिस अधिकारियों ने साफ कहा है कि जिले में नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। लगातार छापेमारी और निगरानी से इस नेटवर्क की कमर तोड़ने की तैयारी की जा रही है। आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना है।