
अब सर्किट हाउस की बुकिंग ऑनलाइन: आम लोगों के लिए भी खुला रास्ता, ‘पहले आओ-पहले पाओ’ नियम लागू
योगी सरकार की नई व्यवस्था: सर्किट हाउस व गेस्ट हाउस की बुकिंग पूरी तरह डिजिटल
ऑनलाइन पोर्टल से मिलेगी रियल टाइम जानकारी, घर बैठे बुक होगा सर्किट हाउस का कमरा
पारदर्शिता की दिशा में बड़ा कदम: यूपी में 21 सर्किट हाउस और 334 गेस्ट हाउस की ऑनलाइन बुकिंग शुरू
सर्किट हाउस और गेस्ट हाउस की बुकिंग अब ऑनलाइन, प्रक्रिया हुई आसान व पारदर्शी
रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता/ब्यूरो लखनऊ
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने लोक निर्माण विभाग के सर्किट हाउस और गेस्ट हाउस की बुकिंग व्यवस्था को आधुनिक और पारदर्शी बनाने के लिए नई ऑनलाइन प्रणाली लागू कर दी है। अब प्रदेश के 21 सर्किट हाउस और 334 गेस्ट हाउस में कमरे ऑनलाइन माध्यम से बुक किए जा सकेंगे। इससे पहले यह प्रक्रिया ईमेल या फोन के जरिए मैन्युअल तरीके से होती थी, जिससे कई बार लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ता था।
नई डिजिटल व्यवस्था लागू होने के बाद अब बुकिंग प्रक्रिया पहले से अधिक आसान, पारदर्शी और व्यवस्थित हो जाएगी। इसके लिए लोक निर्माण विभाग ने एक एकीकृत वेब आधारित सर्किट हाउस सूचना प्रणाली विकसित की है, जिसके माध्यम से लोग घर बैठे कमरों की उपलब्धता की जानकारी लेकर बुकिंग कर सकेंगे।
रियल टाइम डैशबोर्ड से मिलेगी कमरों की उपलब्धता की जानकारी
ऑनलाइन पोर्टल पर उपयोगकर्ताओं को रियल टाइम रूम अवेलेबिलिटी डैशबोर्ड और लाइव रूम स्टेटस की सुविधा मिलेगी। इसके जरिए यह आसानी से देखा जा सकेगा कि किस सर्किट हाउस या गेस्ट हाउस में कितने कमरे उपलब्ध हैं।
यह प्रणाली कमरों के साथ-साथ भोजन और अन्य सुविधाओं के प्रबंधन को भी डिजिटल तरीके से संचालित करेगी। इससे पहले इन व्यवस्थाओं को ईमेल या फोन कॉल के माध्यम से संभाला जाता था।
ऑनलाइन भुगतान और डिजिटल रिकॉर्ड की भी व्यवस्था
नई व्यवस्था के तहत बुकिंग के साथ ही भुगतान और रिकॉर्ड प्रबंधन को भी पूरी तरह डिजिटल कर दिया गया है। कमरे की बुकिंग करते समय आवेदक को अपना पहचान पत्र या अधिकृत पत्र ऑनलाइन अपलोड करना होगा। भुगतान भी ऑनलाइन माध्यम से ही किया जाएगा।
भुगतान के बाद आवेदक को ई-मेल और एसएमएस के जरिए तुरंत रसीद प्राप्त हो जाएगी। साथ ही सभी लेन-देन का रिकॉर्ड डिजिटल लेजर में सुरक्षित रखा जाएगा, जिससे राजस्व की निगरानी भी आसान हो सकेगी।
केंद्रीकृत डैशबोर्ड से होगी बुकिंग और राजस्व की निगरानी
लोक निर्माण विभाग के मुख्यालय और जिला स्तर पर केंद्रीकृत डैशबोर्ड तैयार किया गया है। इसके माध्यम से सभी बुकिंग और राजस्व की रियल टाइम मॉनिटरिंग की जा सकेगी। अधिकारियों का मानना है कि इससे न केवल राजस्व के नुकसान को रोका जा सकेगा, बल्कि व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही भी बढ़ेगी।
बॉक्स: आम लोगों को भी मिलेगा कमरा
नई व्यवस्था के तहत सर्किट हाउस के कुछ कमरे वीआईपी दौरे और आपातकालीन सरकारी उपयोग के लिए आरक्षित रहेंगे, जबकि शेष कमरे ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर आम लोगों के लिए उपलब्ध होंगे।
इच्छुक लोग विभाग की आधिकारिक वेबसाइट https://www.guesthouse.uppwd.gov.in पर जाकर आसानी से कमरे बुक कर सकते हैं। विशेष परिस्थितियों में जिला प्रशासन की अनुमति से ऑन-द-स्पॉट बुकिंग भी इसी पोर्टल के माध्यम से की जा सकेगी।
हालांकि वीआईपी दौरे या प्रशासनिक आवश्यकता की स्थिति में जिला मजिस्ट्रेट को पहले से की गई बुकिंग को निरस्त करने का अधिकार भी होगा।