बरेली में व्यापारियों का महाकुंभ: होली मिलन समारोह में ‘भामाशाह’ सम्मान से बढ़ाया उत्साह

Spread the love

 

बरेली में व्यापारियों का महाकुंभ: होली मिलन समारोह में ‘भामाशाह’ सम्मान से बढ़ाया उत्साह

रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता

बरेली। शहर में होली के रंगों के बीच सामाजिक एकता और व्यापारी हितों की मिसाल पेश करते हुए राष्ट्र जागरण उद्योग व्यापार मंडल ने सम्मान समारोह एवं होली मिलन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया। कार्यक्रम में शहर के प्रमुख जनप्रतिनिधि और पुलिस प्रशासन के अधिकारी शामिल हुए।

मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. उमेश गौतम (महापौर, बरेली) उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथियों में मनीष पारीक (नगर पुलिस अधीक्षक, बरेली) और अधीर सक्सेना (महानगर अध्यक्ष, भाजपा) शामिल रहे।

मंडल प्रभारी एवं महानगर अध्यक्ष विशाल मेहरोत्रा ने बताया कि होली के अवसर पर यह आयोजन व्यापारियों के बीच आपसी सौहार्द और एकजुटता को मजबूत करने के उद्देश्य से किया गया। इस दौरान विभिन्न व्यापारिक संगठनों से जुड़े उन व्यापारियों को ‘भामाशाह सम्मान’ से नवाजा गया, जिन्होंने व्यापारिक हितों और सामाजिक कार्यों में उल्लेखनीय योगदान दिया है।

सम्मानित होने वालों में पार्थ फाउंडेशन के युवा व्यापारी पार्थ गौतम, सर्राफा मंडल से राजकुमार अग्रवाल, व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष रवि प्रकाश अग्रवाल, वरिष्ठ व्यापारी सतीश अग्रवाल, अमजद सलीम, सुधीर गोयल, तरुण साहनी, सरदार एमपी सिंह, हरीश अरोरा और डॉ. शिशिर गुप्ता सहित कई अन्य प्रमुख नाम शामिल रहे। आयोजकों ने बताया कि प्रत्येक व्यापार मंडल से एक-एक प्रतिनिधि को सम्मानित करने का प्रयास किया गया

मुख्य अतिथि डॉ. उमेश गौतम ने कहा कि व्यापारियों की एकजुटता ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि व्यापार मंडल लगातार व्यापारियों के हितों की रक्षा और सेवा में सक्रिय भूमिका निभा रहा है।

नगर पुलिस अधीक्षक मनीष पारीक ने कहा कि व्यापारी वर्ग देश की आर्थिक रीढ़ है और सामाजिक जिम्मेदारियों के निर्वहन में हमेशा अग्रणी रहता है।

भाजपा महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना ने व्यापारियों से सामाजिक और राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया।

जिला अध्यक्ष राजकुमार राजपूत ने कहा कि व्यापार मंडल शहर के विकास में अहम भूमिका निभा रहा है और आगे भी व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।

कार्यक्रम के अंत में अमित भारद्वाज और तरुण साहनी ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित व्यापारियों का आभार जताया। आयोजन में मंजीत सिंह नागपाल, मोहित तिवारी, राहुल रस्तोगी, सौरभ शर्मा, कन्हैया राजपूत, वैभव अग्रवाल सहित सैकड़ों व्यापारी मौजूद रहे।

Saurabh Gupta
Author: Saurabh Gupta