
16 नई यूपी-112 स्कॉर्पियो से बढ़ी रफ्तार, रिस्पॉन्स टाइम घटेगा, अपराध पर लगेगी लगाम
‘गोल्डन आवर’ बचाने को पुलिस का बड़ा कदम
रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता
बरेली। जिले की कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में पुलिस को बड़ी मजबूती मिली है। शुक्रवार को पुलिस लाइन परिसर से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने यूपी-112 सेवा के लिए आई 16 नई स्कॉर्पियो वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। नए वाहनों के शामिल होने से शहर और देहात में आपातकालीन सेवाओं की रफ्तार बढ़ेगी।
कार्यक्रम में पुलिस के कई अधिकारी मौजूद रहे। इस मौके पर एसएसपी ने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से लैस ये वाहन किसी भी आपात सूचना पर पहले से कम समय में मौके तक पहुंचने में सहायक होंगे। इससे अपराध और हादसों के मामलों में त्वरित कार्रवाई संभव हो सकेगी।
पुलिस अधिकारियों का मानना है कि गश्त बढ़ने से चेन स्नेचिंग, लूट, सड़क विवाद और महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में तत्काल हस्तक्षेप किया जा सकेगा। तेज और सक्रिय पुलिसिंग से अपराधियों में भी मनोवैज्ञानिक दबाव बनेगा।
सड़क दुर्घटनाओं के मामलों में भी इन वाहनों की भूमिका अहम मानी जा रही है। अक्सर दुर्घटना के बाद शुरुआती एक घंटा—जिसे ‘गोल्डन आवर’ कहा जाता है—जीवनरक्षक साबित होता है। नई गाड़ियां बेहतर संचार प्रणाली और तेज रफ्तार के कारण घायलों को शीघ्र अस्पताल पहुंचाने में मददगार होंगी।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि इन 16 वाहनों के संचालन से न केवल कानून-व्यवस्था को मजबूती मिलेगी, बल्कि आमजन में सुरक्षा की भावना भी और प्रबल होगी। अब यूपी-112 सेवा जिले में और अधिक प्रभावी रूप में नजर आएगी।
