होली से पहले बरेली में मिलावटखोरों पर बड़ी कार्रवाई, 13 सैंपल भरे… 2 क्विंटल सरसों तेल और रंगीन कचरी सीज

Spread the love

 

होली से पहले बरेली में मिलावटखोरों पर बड़ी कार्रवाई, 13 सैंपल भरे… 2 क्विंटल सरसों तेल और रंगीन कचरी सीज

एफएसडीए की ताबड़तोड़ छापेमारी से बाजार में हड़कंप, मिठाई-तेल की दुकानों से नमूने, हजारों का माल जब्त

त्योहार से पहले प्रशासन सख्त: करगैना में छापा, सरसों तेल-कचरी समेत कई खाद्य पदार्थ जांच के घेरे में

रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता 

बरेली! बरेली में होली के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरी के खिलाफ सख्त अभियान छेड़ दिया है। बुधवार को शहर और कस्बाई क्षेत्रों में की गई छापेमारी से व्यापारियों में अफरा-तफरी मच गई। टीम ने अलग-अलग स्थानों से कुल 13 खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए भरे, जबकि बड़ी मात्रा में सरसों तेल और रंगीन कचरी को मौके पर ही सीज कर दिया गया।

करगैना बाजार में बड़ी कार्रवाई

मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षय गोयल के नेतृत्व में टीम ने सबसे पहले करगैना बाजार में छापा मारा। यहां चौधरी डेरी एंड कन्फेक्शनरी से पनीर और गुज्जर डेरी एंड स्वीट्स से खोया का नमूना लिया गया। इसके बाद साहू ट्रेडर्स से रंगीन कचरी और सरसों तेल के सैंपल भरे गए।

जांच के दौरान करीब 30 किलो रंगीन कचरी (लगभग 1350 रुपये मूल्य) और 208.4 किलो सरसों तेल (करीब 27 हजार रुपये से अधिक) को सीज कर दिया गया। कार्रवाई की सूचना मिलते ही आसपास के दुकानदारों में हलचल मच गई।

मिठाई और तेल कारोबारियों पर भी नजर

गंज त्रिपोलिया, आंवला स्थित श्री हरि स्वीट्स से छेना मिठाई और खोया बर्फी के नमूने लिए गए। वहीं राज स्वीट्स से बेसन के लड्डू जांच के लिए भेजे गए। शहदाना स्थित एन.डी. इंटरनेशनल से सरसों तेल और रिफाइंड पामोलीन ऑयल के नमूने लिए गए।

रामपुर गार्डन में आशुतोष इंटरप्राइजेज से सरसों तेल, ड्राई फ्रूट गुजिया और ब्रांडेड पनीर को भी जांच के दायरे में लिया गया।

शिकायत पर मीट दुकान की जांच

किला क्षेत्र में शिकायत मिलने पर टीम ने एक मीट की दुकान का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में खामियां मिलने पर सुधार नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू की गई। वहीं आईजीआरएस पोर्टल पर मिली शिकायत के आधार पर सुभाषनगर स्थित अजन्ता स्वीट्स से आलू पैटीज का नमूना भी लिया गया।

सभी 13 नमूनों को खाद्य विश्लेषण के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद दोषी पाए जाने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी का सख्त संदेश

जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि त्योहार के दौरान आमजन के स्वास्थ्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मिलावट करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। प्रशासन की इस सख्ती से साफ है कि होली पर मिलावटखोरों पर कड़ी नजर रखी जाएगी!

Saurabh Gupta
Author: Saurabh Gupta