होली से पहले खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई: 15 नमूने भरे, 10 किलो रंगीन चिप्स जब्त

Spread the love

 

होली से पहले खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई: 15 नमूने भरे, 10 किलो रंगीन चिप्स जब्त

रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता 

बरेली। आगामी होली पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटी खाद्य एवं पेय पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश लखनऊ तथा जिलाधिकारी बरेली के निर्देश पर 21 फरवरी 2026 को जनपद में छापेमारी की गई।

मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी/सहायक आयुक्त (खाद्य)-II अक्षय गोयल के नेतृत्व में गठित टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई करते हुए कुल 15 खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए। साथ ही लगभग 10 किलोग्राम रंगीन चिप्स (अनुमानित मूल्य 1200 रुपये) को जब्त कर सीज किया गया।

इन प्रतिष्ठानों से लिए गए नमूने

मैसर्स पतंजलि फूड्स लिमिटेड, केसरपुर फरीदपुर – सरसों का तेल (महाकोष ब्रांड), वनस्पति (महाकोष ब्रांड) व रिफाइंड सोयाबीन ऑयल के नमूने

गोपालपुर फरीदपुर स्थित एक प्रतिष्ठान से मिश्रित दूध का नमूना

बक्सरिया फरीदपुर के प्रतिष्ठानों से वनस्पति (गगन ब्रांड) व सरसों तेल के नमूने

मैसर्स पप्पू किराना स्टोर, बाईपास रोड नवाबगंज – रंगीन चिप्स व किशमिश के नमूने, 10 किलो रंगीन चिप्स जब्त

मैसर्स सेलिब्रेशन स्वीट्स, सैंथल तहसील नवाबगंज – गुजिया का नमूना

मैसर्स भारत डेयरी, सैंथल नवाबगंज – पनीर का नमूना

मैसर्स रूपाली इंटरप्राइजेज, बहेड़ी बाजार – सरसों तेल (रविंद्र ब्रांड) व सरसों तेल (डबल खिलौना)

मैसर्स साई बीरबलदास फूड्स, परसाखेड़ा – नमकीन पफ (पैक्ड), टमाटर बैंगी मिक्स सीजनिंग पाउडर व मिक्स मसाला

सभी नमूनों को जांच हेतु खाद्य विश्लेषक, उत्तर प्रदेश प्रयोगशाला को भेज दिया गया है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी बरेली ने आमजन को सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने तथा मिलावटी खाद्य सामग्री की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रखने के निर्देश दिए हैं। त्योहार के मद्देनजर विभाग की यह कार्रवाई मिलावटखोरों के लिए सख्त संदेश मानी जा रही है।

Saurabh Gupta
Author: Saurabh Gupta