
कब्रिस्तान के पास घेराबंदी, 20 लाख की अफीम संग दो तस्कर दबोचे
त्योहारों से पहले अलीगंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 820 ग्राम अफीम, बाइक और मोबाइल बरामद
रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता
बरेली। आगामी त्योहारों को देखते हुए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना अलीगंज पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने 820 ग्राम अवैध अफीम के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 20 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार उपनिरीक्षक वीर सिंह, उपनिरीक्षक प्रवीण गौतम, हेड कांस्टेबल योगेंद्र सिंह और कांस्टेबल नकुल भाटी क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान चंदनपुर से पहले कब्रिस्तान के पास बाइक सवार दो युवकों को रोकने का इशारा किया गया। पुलिस को देख दोनों भागने लगे, लेकिन तत्परता दिखाते हुए टीम ने रात करीब 10:05 बजे उन्हें दबोच लिया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 820 ग्राम अफीम, दो मोबाइल फोन और एक बाइक बरामद हुई। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम लाल सिंह निवासी लक्ष्मणपुर मजरा रामनगर थाना आंवला और दीपांशु निवासी रामनगर थाना आंवला बताए।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे किसी अज्ञात व्यक्ति से सस्ते दामों में अफीम खरीदकर ऊंचे दामों पर बेचते थे। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि त्योहारों के मद्देनज़र अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।