
ऑपरेशन के दौरान महिला की मौत, बहेड़ी का यूनिसन हॉस्पिटल सील
झोलाछाप डॉक्टर पर इलाज का आरोप, परिजनों का हंगामा
स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई के बाद क्षेत्र में आक्रोश, जांच शुरू
रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता
बहेड़ी (बरेली)। नगर स्थित यूनिसन हॉस्पिटल में ऑपरेशन के दौरान एक महिला की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अस्पताल को सील कर दिया। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया और इलाज करने वाले चिकित्सक पर झोलाछाप होने का आरोप लगाया।
जानकारी के अनुसार, बहेड़ी क्षेत्र के ग्राम पिपरिया रंजीत निवासी 33 वर्षीय गीता पत्नी राजपाल को बच्चेदानी संबंधी समस्या के चलते यूनिसन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई, लेकिन समय पर समुचित इलाज नहीं दिया गया। स्थिति गंभीर होने के बावजूद मरीज को रेफर करने में भी लापरवाही बरती गई। कुछ ही देर में महिला की मौत हो गई।
मौत की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंच गए और हंगामा शुरू कर दिया। उनका आरोप था कि अस्पताल अवैध रूप से संचालित हो रहा था और ऑपरेशन करने वाला डॉक्टर योग्य नहीं है। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह स्थिति को काबू में किया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल में जांच की। डिप्टी सीएमओ डॉ. अमित कुमार ने टीम के साथ दस्तावेजों और व्यवस्थाओं की पड़ताल की। प्रारंभिक जांच में अनियमितताएं सामने आने पर अस्पताल को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि मामले में विस्तृत जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बताया जा रहा है कि घटना के बाद अस्पताल संचालक और संबंधित डॉक्टर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
घटना के बाद क्षेत्र में रोष व्याप्त है। स्थानीय लोगों ने अवैध रूप से चल रहे अस्पतालों और झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाने की मांग की है। स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई को लोगों ने उचित कदम बताया है।
