प्यार के दिन पर पहरा: बरेली के पार्कों में दिखी पुलिस की सख्ती

Spread the love

 

प्यार के दिन पर पहरा: बरेली के पार्कों में दिखी पुलिस की सख्ती

हुड़दंग या अभद्रता पर जीरो टॉलरेंस: एसएसपी का सख्त संदेश

वैलेंटाइन डे पर अलर्ट मोड में प्रशासन, आईडी चेकिंग से लेकर सादे कपड़ों में निगरानी

रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता 

बरेली। वैलेंटाइन डे के अवसर पर इस बार शहर के प्रमुख पार्कों और रेस्टोरेंट में रोमांटिक माहौल से ज्यादा पुलिस की सक्रियता नजर आई। पिछले महीने राजेंद्रनगर स्थित एक कैफे में छात्रा के साथ हुई मारपीट की घटना को ध्यान में रखते हुए प्रशासन पहले से ही सतर्क था। पुलिस ने साफ कर दिया कि किसी भी प्रकार का उपद्रव या अनावश्यक हस्तक्षेप बर्दाश्त नहीं किया जाएगा

शहर के गांधी उद्यान, फुलबाग पार्क सहित कई अन्य सार्वजनिक स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। कोतवाली इंस्पेक्टर सुरेश चंद्र गौतम स्वयं मौके पर पहुंचे और व्यवस्थाओं की समीक्षा की। पार्कों में आने वाले युवाओं की पहचान पत्रों की जांच की गई। म्यूजिक फाउंटेन और भूल-भुलैया क्षेत्र में विशेष निगरानी रखी गई। सुरक्षा के मद्देनज़र सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया, ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।

संगठनों की गतिविधियों पर भी कड़ी नजर

एसएसपी अनुराग आर्य ने स्पष्ट किया कि किसी भी संगठन या व्यक्ति को कानून अपने हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी। बजरंग दल सहित अन्य संगठनों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी गई। उन्होंने कहा कि यदि कोई युवक-युवती के साथ दुर्व्यवहार करता है या माहौल खराब करने की कोशिश करता है, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।

गौरतलब है कि 28 दिसंबर को राजेंद्रनगर के एक कैफे में जन्मदिन मना रही छात्रा और उसके साथियों पर कुछ युवकों ने हमला कर दिया था। इस घटना के बाद से ही प्रशासन ने विशेष मौकों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने का फैसला किया था।

मर्यादा बनाए रखने की अपील

पुलिस ने युवाओं से सार्वजनिक स्थलों की गरिमा बनाए रखने की अपील की है। अनुचित या अशोभनीय व्यवहार पाए जाने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। पूरे दिन शहर में पुलिस की गश्त जारी रही और पार्कों के बाहर भी कड़ा सुरक्षा बंदोबस्त रहा।

इस बार वैलेंटाइन डे पर बरेली में प्रशासन की सख्ती ने साफ संकेत दे दिया कि शांति और कानून व्यवस्था से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

Saurabh Gupta
Author: Saurabh Gupta