व्यापारियों के संग भाजपा दफ्तर में बजट पर मंथन, बोले सांसद—आत्मनिर्भर भारत की ओर मजबूत कदम

Spread the love

 

व्यापारियों के संग भाजपा दफ्तर में बजट पर मंथन, बोले सांसद—आत्मनिर्भर भारत की ओर मजबूत कदम

केंद्र–प्रदेश बजट पर संवाद: कर सरलीकरण और जनकल्याण योजनाओं को बताया गेमचेंजर 

बजट से बाजार में नई ऊर्जा का दावा, व्यापारियों ने दिए सुझाव, सरकार ने सुनी बात

रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता

बरेली। शहर स्थित भाजपा कार्यालय में शनिवार को केंद्र और प्रदेश सरकार के बजट को लेकर व्यापारियों के साथ विस्तृत संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। बैठक में बरेली के सांसद छत्रपाल गंगवार और कैंट विधायक संजीव अग्रवाल विशेष रूप से मौजूद रहे। शहर के अलग-अलग बाजारों से आए व्यापारियों, उद्योग प्रतिनिधियों और पार्टी पदाधिकारियों ने कार्यक्रम में भाग लेकर बजट पर अपने विचार रखे।

बैठक को संबोधित करते हुए सांसद छत्रपाल गंगवार ने कहा कि केंद्र सरकार का बजट देश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ठोस पहल है। उन्होंने कहा कि लघु एवं मध्यम व्यापारियों को ध्यान में रखते हुए कर व्यवस्था को अधिक सरल बनाने, डिजिटल लेन-देन को बढ़ावा देने और रोजगार सृजन के अवसरों में वृद्धि पर विशेष जोर दिया गया है। उनका कहना था कि सरकार व्यापार को सुगम बनाने के साथ स्थानीय कारोबार को राष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।

वहीं कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने प्रदेश सरकार के बजट को जनहित और विकास पर केंद्रित बताया। उन्होंने कहा कि करीब 9000 करोड़ रुपये गरीबों और शिक्षा क्षेत्र के लिए निर्धारित किए गए हैं। साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने, अस्पतालों में सुविधाएं बढ़ाने और ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर चिकित्सा व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए भी विशेष प्रावधान किए गए हैं।

बैठक में मौजूद व्यापारियों ने बजट को सकारात्मक करार देते हुए कहा कि सरकार ने व्यापारिक वर्ग की अपेक्षाओं को ध्यान में रखकर निर्णय लिए हैं। व्यापारियों का मानना था कि कर सुधार, आधारभूत ढांचे के विकास और ऋण सुविधाओं के विस्तार से बाजार को नई रफ्तार मिलेगी।

कार्यक्रम के समापन पर पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि सरकार का उद्देश्य विकास योजनाओं का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना है। बैठक के दौरान व्यापारियों से सुझाव भी लिए गए और आश्वासन दिया गया कि उनकी समस्याओं और सुझावों को प्राथमिकता के आधार पर सरकार तक पहुंचाया जाएगा।

Saurabh Gupta
Author: Saurabh Gupta