हनीट्रैप का जाल: 10 लाख ऐंठे, फिर 12 लाख की डिमांड; महिला गिरफ्तार

Spread the love

 

हनीट्रैप का जाल: 10 लाख ऐंठे, फिर 12 लाख की डिमांड; महिला गिरफ्तार

दुष्कर्म के झूठे मुकदमे की धमकी देकर वसूली, 22 लाख की साजिश का खुलासा

समझौते के नाम पर लाखों की ठगी, प्रेमनगर पुलिस ने महिला को दबोचा

हनीट्रैप गैंग का पर्दाफाश: पहले बनाए संबंध, फिर शुरू की ब्लैकमेलिंग

रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता 

बरेली। थाना प्रेमनगर पुलिस ने हनीट्रैप के जरिए ब्लैकमेलिंग कर धन उगाही करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि महिला ने एक व्यक्ति को प्रेमजाल में फंसाकर पहले 10 लाख रुपये वसूले और बाद में 12 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग की। रकम न देने पर दुष्कर्म जैसे गंभीर आरोप में झूठा मुकदमा दर्ज कराने की धमकी दी जा रही थी।

क्या है पूरा मामला?

इन्द्रानगर निवासी मनीष गंगवार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि आरोपी महिला ने उनसे नजदीकियां बढ़ाईं और बाद में संबंध स्थापित किए। कुछ समय बाद उसने दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराने की धमकी देकर दबाव बनाना शुरू कर दिया। शिकायत के मुताबिक पहले 10 लाख रुपये लिए गए और फिर 12 लाख रुपये की मांग दोबारा रखी गई।

पीड़ित की तहरीर पर थाना प्रेमनगर में मुकदमा दर्ज कर लिया गया। इस मामले में पूजा शर्मा समेत तीन लोगों को नामजद किया गया है।

मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तारी

पुलिस ने 14 फरवरी की सुबह करीब 10:20 बजे मुखबिर की सूचना पर मुख्य आरोपी पूजा शर्मा (37) पत्नी आर्यन शर्मा, निवासी वीर सावरकर नगर, थाना इज्जतनगर को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है।

पूछताछ में किया खुलासा

पुलिस पूछताछ में आरोपी महिला ने बताया कि उसका पति से पारिवारिक विवाद चल रहा है और वह दो बेटियों के साथ अलग रह रही है। आमदनी का कोई जरिया न होने के चलते उसकी मुलाकात वादी से हुई। लालच में आकर उसने झूठी शिकायत दर्ज कराई और समझौते के नाम पर 10 लाख रुपये लिए। बाद में 12 लाख रुपये और मांगने की बात भी स्वीकार की है।

अन्य आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस टीम में निरीक्षक अपराध प्रमोद कुमार, उप निरीक्षक मोहम्मद सरताज, कांस्टेबल अनुराग, महिला कांस्टेबल एकता और अर्चना शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है और अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।

Saurabh Gupta
Author: Saurabh Gupta