
सरकारी टीकाकरण में बवाल: एफएमडी वैक्सीन छीनी, महिला अधिकारी पर ईंट से हमला
बरेली में कानून को खुली चुनौती! ड्यूटी पर महिला अफसर को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा
लालपुर गांव में गुंडागर्दी: सरकारी वैक्सीन फेंकी, महिला अधिकारी की जान पर बनी
रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता
बरेली। जनहित से जुड़े सरकारी टीकाकरण अभियान के दौरान बरेली जिले के लालपुर गांव में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एफएमडी (मुंहपका-खुरपका) वैक्सीनेशन के लिए पहुँची महिला पशुधन अधिकारी के साथ बदसलूकी और हिंसा की कोशिश की गई। आरोप है कि न सिर्फ सरकारी काम में बाधा डाली गई, बल्कि महिला अधिकारी पर ईंट से जानलेवा हमला करने का प्रयास भी हुआ।
ड्यूटी पर थीं महिला अधिकारी, भीड़ ने घेरा
क्यारा ब्लॉक के पशु सेवा केंद्र में तैनात स्नेह सिंह राठौर शासन के निर्देश पर लालपुर गांव में पशुओं को एफएमडी से बचाने के लिए टीकाकरण कर रही थीं। इसी दौरान गांव के रामदास और उसके बेटों ने अपने पशुओं का टीका लगवाने से इनकार कर दिया और विरोध शुरू कर दिया।
ईंट उठी, वैक्सीन छीनी, अफरा-तफरी
विवाद देखते ही देखते उग्र हो गया। आरोप है कि गाली-गलौज के बीच आरोपियों ने ईंट उठाकर हमला करने की कोशिश की। इतना ही नहीं, सरकारी एफएमडी वैक्सीन और टीकाकरण सामग्री छीनकर जमीन पर फेंक दी गई, जिससे पूरे अभियान में हड़कंप मच गया। हालात बिगड़ते देख महिला अधिकारी को अपनी जान बचाकर मौके से हटना पड़ा।
सुरक्षा पर सवाल, बीमारी फैलने का खतरा
इस घटना ने साफ कर दिया है कि जमीनी स्तर पर सरकारी कर्मचारियों, खासकर महिला अधिकारियों की सुरक्षा कितनी लचर है। एफएमडी जैसी संक्रामक बीमारी के खिलाफ चल रहे अभियान में रुकावट न सिर्फ प्रशासन के लिए चुनौती है, बल्कि पशुधन और किसानों के लिए भी बड़ा खतरा बन सकती है।
अफसरों तक पहुंची शिकायत, FIR दर्ज
पीड़िता ने पूरे मामले की शिकायत एसएसपी, डीएम, सीडीओ, मुख्य पशुचिकित्साधिकारी समेत वरिष्ठ अधिकारियों से की है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा, धमकी और सरकारी संपत्ति को नुकसान जैसी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।