बीडीए की सख्त कार्रवाई: इज्जतनगर में अवैध कॉलोनी पर चला बुलडोजर, कॉलोनाइजरों में मची अफरा-तफरी

Spread the love

 

बीडीए की सख्त कार्रवाई: इज्जतनगर में अवैध कॉलोनी पर चला बुलडोजर, कॉलोनाइजरों में मची अफरा-तफरी

इज्जतनगर में अवैध प्लॉटिंग पर बीडीए का प्रहार, 5000 वर्गमीटर में फैली कॉलोनी ध्वस्त

बिना अनुमति काटी जा रही कॉलोनी जमींदोज, बीडीए की कार्रवाई से भूमाफियाओं में मचा हड़कंप

रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता

बरेली। इज्जतनगर क्षेत्र में लंबे समय से पनप रही अवैध कॉलोनाइजेशन पर बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) ने बड़ी कार्रवाई की है। मंगलवार को एयरफोर्स की बाउंड्रीवाल से सटे ग्राम कंजादासपुर में बिना अनुमति विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया गया। अचानक हुई कार्रवाई से कॉलोनाइजरों में हड़कंप मच गया और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

बीडीए उपाध्यक्ष डॉ. ए. मनिकंडन ने बताया कि सिराज नामक व्यक्ति द्वारा करीब 5000 वर्गमीटर भूमि पर नियमों को दरकिनार करते हुए अवैध प्लॉटिंग की जा रही थी। बिना किसी स्वीकृत मानचित्र के प्लॉटों का चिन्हांकन किया गया था, साथ ही कच्ची-पक्की सड़कें और बाउंड्रीवाल भी खड़ी कर दी गई थीं। प्राधिकरण को लगातार मिल रही शिकायतों के बाद कार्रवाई का निर्णय लिया गया।

विशेष कार्याधिकारी अजीत कुमार सिंह के नेतृत्व में प्रवर्तन दल ने सहायक अभियंता धर्मवीर सिंह और अवर अभियंता अजीत कुमार साहनी के साथ मौके पर पहुंचकर संयुक्त कार्रवाई की। बुलडोजर की मदद से कॉलोनी के भीतर बनाए गए रास्तों, प्लॉट सीमांकन और बाउंड्रीवाल को ध्वस्त कर दिया गया। कुछ ही घंटों में पूरी अवैध बसावट मलबे में तब्दील हो गई।

बीडीए अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर और आसपास के क्षेत्रों में अवैध कॉलोनाइजेशन किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा। बिना अनुमति प्लॉटिंग करने वालों के खिलाफ अब सीधी कार्रवाई की जाएगी।

प्राधिकरण ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि किसी भी प्लॉट या कॉलोनी में निवेश करने से पहले उसकी वैधता की पूरी जांच कर लें। बिना स्वीकृति वाली कॉलोनियों में खरीदी गई जमीन पर कभी भी ध्वस्तीकरण की कार्रवाई हो सकती है, जिससे निवेशकों को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।

Saurabh Gupta
Author: Saurabh Gupta