
समोसे में निकली ‘पन्नी’, दीपक स्वीट्स की किचन पर सवाल—FSDA का अचानक छापा
बरेली में मिठाई की दुकान से निकला स्वाद का ‘सच’! समोसा बना मुसीबत, घी-नमूने सील
समोसा खाते ही फंसा ‘पिन्नी कांड’! दीपक स्वीट्स पर खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई
बीकानेरी समोसे में घुसी पिन्नी, ग्राहक भड़का—FSDA की रेड से मचा हड़कंप
रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता
बरेली। शहर के सिविल लाइंस क्षेत्र में स्थित मशहूर दीपक स्वीट्स उस वक्त विवादों में घिर गया, जब एक ग्राहक के समोसे से ऐसी चीज़ निकली जिसने सबको चौंका दिया। समोसा खाते समय ग्राहक के मुंह में अचानक कोई सख्त वस्तु फंस गई। जब उसे बाहर निकाला गया, तो वह पिन्नी निकली। यह नज़ारा देखकर ग्राहक सन्न रह गया और मौके पर हड़कंप मच गया।

मढ़ीनाथ निवासी देश दीपक सोमवार रात करीब आठ बजे दुकान पर बीकानेरी समोसा खाने पहुंचे थे। आरोप है कि पहला ही निवाला मुसीबत बन गया। समोसे में पिन्नी निकलने से न सिर्फ उनका स्वाद बिगड़ा, बल्कि सेहत को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए।
शिकायत पर हंसी, फिर भड़का मामला
पीड़ित का आरोप है कि जब उसने इस गंभीर लापरवाही की शिकायत दुकान के मैनेजर रजत से की, तो उसने इसे मज़ाक में लेते हुए हंसकर टाल दिया। यही रवैया आग में घी का काम कर गया। नाराज़ ग्राहक ने तुरंत खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) को सूचना दी।

FSDA की ताबड़तोड़ रेड, नमूने सील
शिकायत मिलते ही मंगलवार को FSDA की टीम इंस्पेक्टर इंदरजीत के नेतृत्व में दीपक स्वीट्स पहुंची। अचानक हुई कार्रवाई से दुकान में अफरा-तफरी मच गई। टीम ने करीब एक लीटर देशी घी और बीकानेरी समोसे के नमूने मौके पर ही सील कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए।

रिपोर्ट तय करेगी आगे की कार्रवाई
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षय गोयल ने बताया कि लैब रिपोर्ट आने के बाद ही अगली कार्रवाई की जाएगी। यदि जांच में लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता सामने आता है, तो विभाग सख्त कदम उठाने से पीछे नहीं हटेगा। इस कार्रवाई के बाद शहर के मिठाई और नाश्ते के कारोबारियों में खलबली मची हुई है।

दीपक स्वीट्स के मालिक की सफाई
वहीं दीपक स्वीट्स के संचालक दिलीप गुप्ता ने आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि उनका प्रतिष्ठान वर्षों से ग्राहकों के भरोसे पर खरा उतरता आया है। उन्होंने दावा किया कि गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाता और वे जांच में पूरा सहयोग कर रहे हैं। सच्चाई लैब रिपोर्ट के बाद ही साफ होगी।