लव मैरिज के दो महीने बाद खौफनाक अंत: पत्नी ने मां-बाप संग मिलकर IVRI कर्मी की गला दबाकर हत्या की

Spread the love

 

लव मैरिज के दो महीने बाद खौफनाक अंत: पत्नी ने मां-बाप संग मिलकर IVRI कर्मी की गला दबाकर हत्या की

ऑनलाइन जुए की रकम बना कत्ल की वजह: पत्नी ने माता-पिता के साथ मिलकर पति को उतारा मौत के घाट

प्यार से शादी, फिर साजिश और कत्ल: बरेली में नवविवाहित युवक की हत्या कर फांसी का रचा गया नाटक

रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता

बरेली। प्रेम विवाह के बाद सुखद  जीवन के सपने देख रहे एक युवक की जिंदगी महज दो महीने में खत्म कर दी गई। आईवीआरआई में संविदा पर कार्यरत जितेंद्र यादव की उसकी पत्नी ने अपने माता-पिता के साथ मिलकर गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद घटना को आत्महत्या दिखाने के लिए शव को फंदे से लटका दिया गया। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए पत्नी समेत तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

घटना 26 जनवरी की है। इज्जतनगर थाना क्षेत्र की गिरजाशंकर कॉलोनी, कैलाशपुरम स्थित किराये के मकान में जितेंद्र यादव का शव फंदे से लटका मिला था। शुरुआती तौर पर मामला आत्महत्या का प्रतीत हुआ, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने सच्चाई उजागर कर दी। रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि युवक की मौत फांसी से नहीं, बल्कि गला दबाने से हुई थी।

प्रेम से शुरू हुई कहानी, खून पर खत्म

जांच में सामने आया कि जितेंद्र और उसकी पत्नी ज्योति एक-दूसरे को पहले से जानते थे और दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे। 25 नवंबर 2025 को दोनों ने प्रेम विवाह किया था। नई शादी के शुरुआती दिनों में सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन जल्द ही रिश्ते में तनाव पैदा हो गया।

ऑनलाइन जुए ने बिगाड़े हालात

पुलिस के अनुसार, जितेंद्र ने पत्नी के खाते से करीब 20 हजार रुपये निकालकर ऑनलाइन जुए में गंवा दिए थे। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ, जो धीरे-धीरे गंभीर झगड़े में बदल गया। विवाद के दौरान ज्योति ने अपने पिता कालीचरन और मां चमेली देवी को फोन कर मौके पर बुला लिया।

मिलकर दिया वारदात को अंजाम

आरोप है कि माता-पिता के पहुंचते ही तीनों ने मिलकर जितेंद्र को काबू में कर लिया। पिता और मां ने उसके हाथ-पैर पकड़ लिए, जबकि पत्नी ने गुस्से में आकर उसका गला दबा दिया। कुछ ही देर में युवक की मौत हो गई।

हत्या के बाद आरोपियों ने खुद को बचाने के लिए घटना को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की। मफलर की मदद से शव को वेंटिलेटर की ग्रिल से बांधकर लटका दिया गया और शोर मचाकर लोगों को बताया गया कि जितेंद्र ने खुदकुशी कर ली है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद पुलिस ने जांच तेज की और पूछताछ में सारा सच सामने आ गया। 31 जनवरी को पुलिस ने पत्नी ज्योति, उसके पिता कालीचरन और मां चमेली देवी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें रिमांड पर भेज दिया गया।

Saurabh Gupta
Author: Saurabh Gupta