
राधिका ट्रॉमा सेंटर में पत्रकारों का भव्य सम्मान, लोकतंत्र के चौथे स्तंभ को मिला सम्मान
निष्पक्ष पत्रकारिता समाज की दिशा तय करती है: डॉ. प्रतीक गंगवार
रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता
बरेली। जनपद में डिजिटल पत्रकारिता से जुड़े पत्रकारों के उल्लेखनीय योगदान को सम्मानित करने के उद्देश्य से रविवार को एक भव्य पत्रकार सम्मान समारोह आयोजित किया गया। यह आयोजन राधिका सुपर स्पेशलिटी एंड एडवांस ट्रॉमा सेंटर, कर्मचारी नगर, मिनी बाईपास रोड, इज्जतनगर में जनपदीय डिजिटल मीडिया के तत्वावधान में सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता ट्रॉमा सेंटर के मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. प्रतीक गंगवार ने की। समारोह में ब्लॉक प्रमुख शेरगढ़ भूपेन्द्र कुर्मी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि वरिष्ठ पत्रकार एवं संपादक हृदेश पांडेय विशेष अतिथि के रूप में मंच पर मौजूद रहे।
अपने संबोधन में डॉ. प्रतीक गंगवार ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र की मजबूत नींव होते हैं। समाज में घटित हर घटना को निष्पक्षता और निर्भीकता के साथ सामने लाना पत्रकारों की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण में जिम्मेदार पत्रकारिता की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
मुख्य अतिथि भूपेन्द्र कुर्मी ने कहा कि पत्रकार समाज और शासन के बीच सेतु बनकर कार्य करते हैं। लोकतंत्र की मजबूती पत्रकारों की निष्पक्ष सोच और ईमानदार लेखनी पर निर्भर करती है।
विशेष अतिथि हृदेश पांडेय ने डिजिटल युग में पत्रकारों की बढ़ती जिम्मेदारियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि तथ्यपरक, संतुलित और जिम्मेदार रिपोर्टिंग आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
समारोह के दौरान जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए पत्रकारों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उपजा प्रेस क्लब के अध्यक्ष वरिष्ठ पत्रकार पवन सक्सेना सहित अनेक पत्रकार, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन पत्रकार समीर अब्बास ने किया!