
बरेली में लोकतंत्र के सिपाही से बदसलूकी! महिला बीएलओ को बताया चोर, बुजुर्गों ने जमकर सुनाईं खरी-खोटी, वीडियो वायरल
वोट कटने पर भड़के लोग, महिला बीएलओ से अभद्रता का वीडियो वायरल, बुजुर्गों ने की बदसलूकी
रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता
बरेली। निर्वाचन कार्य के दौरान महिला बीएलओ के साथ बदसलूकी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। वायरल वीडियो में कुछ बुजुर्ग महिला बीएलओ के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए नजर आ रहे हैं और उन्हें ‘चोर’ तक कह दिया गया।
बताया जा रहा है कि महिला बीएलओ वोट कटने की शिकायत पर सत्यापन एवं पूछताछ के लिए क्षेत्र में गई थी। इसी दौरान कुछ लोगों ने आपा खो दिया और महिला कर्मचारी को घेरकर खरी-खोटी सुनाने लगे। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह सरकारी ड्यूटी निभा रही महिला अधिकारी को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है।
मामले को लेकर महिला बीएलओ और शिक्षा विभाग में रोष व्याप्त है। जानकारी के अनुसार, संबंधित शिक्षकों द्वारा इस पूरे घटनाक्रम की शिकायत उच्च अधिकारियों से किए जाने की तैयारी की जा रही है।
यह मामला प्रेमनगर थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। फिलहाल वीडियो के वायरल होने के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पूरे प्रकरण की जांच में जुट गए हैं।
महिला कर्मचारियों की सुरक्षा और सम्मान को लेकर उठे इस सवाल ने एक बार फिर सिस्टम पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।