
तेज रफ्तार और ओवरलोडिंग बनी हादसे की वजह, बजरी से भरा कैंटर पलटा, कब्रिस्तान की दीवार ध्वस्त
सिरौली/शाहबाद मार्ग पर हुआ हादसा, चालक हिरासत में
रिपोर्ट : विवेक गुप्ता
सिरौली! सिरौली/शाहबाद मार्ग पर शुक्रवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा उस वक्त हो गया, जब बजरी से लदा एक ओवरलोड कैंटर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसा हरि बाबा मंदिर के पास हुआ, जहां सड़क किनारे बने कब्रिस्तान की दीवार क्षतिग्रस्त हो गई। घटना से इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कैंटर अलीगंज रोड की ओर से अत्यधिक गति में आ रहा था। रास्ते में आरटीओ टीम ने वाहन को रोकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने नियमों की परवाह किए बिना रफ्तार और बढ़ा दी। कुछ ही दूरी पर पहुंचते ही ओवरलोडिंग और तेज स्पीड के चलते चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कैंटर पलट गया।
हादसे के बाद बजरी सड़क पर फैल गई, जिससे यातायात बाधित हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए मार्ग पर आवागमन सुचारु कराया। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
पुलिस ने कैंटर चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और ओवरलोडिंग को हादसे की मुख्य वजह बताया जा रहा है। साथ ही परिवहन विभाग द्वारा वाहन के कागजातों की भी जांच की जा रही है।