
बरेली मे संघ शताब्दी वर्ष पर विराट हिंदू सम्मेलन, सनातन एकता का दिखा भव्य स्वरूप
सनातन चेतना का महासंगम: विराट हिंदू सम्मेलन में उमड़ा आस्था का सैलाब
एक मंच पर संत, संगठन और समाज: विराट हिंदू सम्मेलन में गूंजा एकता का संदेश
रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता
बरेली। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर गुरुवार को आयोजित विराट हिंदू सम्मेलन सनातन धर्मावलंबियों की ऐतिहासिक भागीदारी के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। सम्मेलन स्थल पर धर्म, संस्कृति और एकता के प्रति आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला, जहां समाज के हर वर्ग से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
कार्यक्रम का शुभारंभ संत शिरोमणि महंत कालू गिरी महाराज एवं धर्माचार्य पंडित के.के. शंखधर द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया गया। सम्मेलन की अध्यक्षता समिति अध्यक्ष रवि अग्रवाल गट्टूमल ने की। मंच पर आरएसएस के महानगर कार्यवाहक प्रोफेसर विमल, महानगर प्रचारक मयंक साधु, विश्व हिंदू परिषद के विभाग संगठन मंत्री देवेंद्र, मातृशक्ति की प्रतिनिधि दीप्ति भारद्वाज, वरिष्ठ पत्रकार पवन सक्सेना सहित अनेक विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे।
मुख्य वक्ता प्रोफेसर विमल ने अपने विचार रखते हुए कहा कि हिंदू समाज को भगवान श्रीराम के आदर्शों से प्रेरणा लेकर आपसी भाईचारे और समरसता को मजबूत करना होगा। उन्होंने भरत के त्याग और मर्यादा का उदाहरण देते हुए समाज को एकजुट रहने का संदेश दिया।
महंत कालू गिरी महाराज ने सनातन समाज से धर्म, संस्कार और पूजा-पाठ के संरक्षण का आह्वान किया, जबकि धर्माचार्य पंडित के.के. शंखधर ने संगठन और एकता को समय की आवश्यकता बताया। मातृशक्ति की ओर से दीप्ति भारद्वाज ने महिलाओं से आगे बढ़कर हिंदुत्व से जुड़े आयोजनों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
विहिप के विभाग संगठन मंत्री देवेंद्र ने जाति और वर्ग भेद को छोड़कर समूचे हिंदू समाज को एक सूत्र में पिरोने की बात कही। व्यापारी नेता अनिल पाटिल ने धर्मवीर छत्रपति संभाजी महाराज के बलिदान का स्मरण कर युवाओं को अपनी संस्कृति और धर्म के प्रति सजग रहने का संदेश दिया। वहीं राजकुमार राजपूत ने ऐसे आयोजनों को हर मोहल्ले और शहर तक पहुंचाने की आवश्यकता जताई।
समिति सचिव राजीव पंडित ने हिंदू समाज की संगठित शक्ति पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन डॉ. अतुल शर्मा ने किया। अंत में अध्यक्ष रवि अग्रवाल गट्टूमल ने सभी अतिथियों और उपस्थित जनसमूह के प्रति आभार व्यक्त किया।
सम्मेलन में हर्ष अग्रवाल, सर्वेश अग्रवाल, विजय गोयल, विशाल मल्होत्रा, मुकेश सिंघल, रचित अग्रवाल, मयूर अग्रवाल, माधुरी अग्रवाल, अनु शर्मा, अनीता गोयल, प्रियंका कपूर, मानसी अग्रवाल, आदित्य अविरल, नवीन कक्कड़, अरुण सिंह, पवन बाजपेई, अविनाश पाटील, सरजराव पाटिल, रवि पुनीत अग्रवाल समेत बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।