बरेली के सेंथल मे जल योजना में गड़बड़ी पर सभासदों का हल्ला बोल, डीएम दरबार पहुंचे जनप्रतिनिधि

Spread the love

 

बरेली के सेंथल मे जल योजना में गड़बड़ी पर सभासदों का हल्ला बोल, डीएम दरबार पहुंचे जनप्रतिनिधि

सैंथल में खोदी गई सड़कें बनीं मुसीबत, ठेकेदार पर लापरवाही का लगाया आरोप

रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता

बरेली। नगर पंचायत सैंथल में जल आपूर्ति योजना के तहत कराए गए कार्यों में गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए नगर पंचायत के सभासदों ने सोमवार को जिला अधिकारी कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। सभासदों ने डीएम को ज्ञापन सौंपते हुए दोषी ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई और क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत की मांग की।

सभासदों ने बताया कि नगर पंचायत क्षेत्र में पानी की टंकी निर्माण और पाइपलाइन बिछाने का कार्य कराया गया था, लेकिन कार्य पूरा होने के बाद ठेकेदार द्वारा सड़कों की मरम्मत नहीं कराई गई। जगह-जगह सड़कों को खोदकर छोड़ दिया गया, जिससे सड़कें पूरी तरह बदहाल हो चुकी हैं।

खराब सड़कों के चलते आम नागरिकों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर आए दिन लोग गिरकर घायल हो रहे हैं। सभासदों का आरोप है कि पाइपलाइन भी मानकों के अनुरूप नहीं डाली गई, जिसके कारण कई मोहल्लों में अब तक नियमित जल आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी है।

नगर प्रतिनिधियों ने बताया कि इस संबंध में ठेकेदार अशोक सिंगल और नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी से कई बार शिकायत की गई, लेकिन समस्या के समाधान को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। कार्रवाई न होने से स्थानीय लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

सभासदों ने डीएम से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषी ठेकेदार के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने और नगर की जर्जर सड़कों की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की।

ज्ञापन देने वालों में सभासद असलम अली गुड्डू, जमील फातिमा, हरिशंकर मौर्य, महबूब हुसैन इदरीशी, शाकिर हसन सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Saurabh Gupta
Author: Saurabh Gupta