बरेली के रामगंगा तट पर 18 गोवंश के शव मिलने से मचा हड़कंप, इलाके में तनाव व क्रोध

Spread the love

 

बरेली के रामगंगा तट पर 18 गोवंश के शव मिलने से मचा हड़कंप, इलाके में तनाव व क्रोध

अमानवीय कृत्य पर भड़के गौ सेवक, दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग

बरेली का पुलिस-प्रशासन हुआ अलर्ट, जांच हुई शुरू, जल्द किया खुलासे का दावा

रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता

बरेली। कैंट थाना क्षेत्र में रामगंगा नदी के किनारे गुरुवार को 18 गोवंश के शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। शव काफी समय पुराने और सड़-गल चुके थे, जिससे दुर्गंध फैल गई और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में गौ सेवक और सामाजिक संगठन मौके पर पहुंच गए।

सूचना मिलने पर कैंट थाना और सुभाष नगर थाना पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने गौ सेवकों के सहयोग से सभी गोवंश के शवों को धार्मिक विधि-विधान के साथ दफन कराया। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद लोगों को भरोसा दिलाया कि इस जघन्य और अमानवीय कृत्य में शामिल लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

मौके पर राष्ट्रीय सेवा संघ के प्रदेश महामंत्री सोनू ठाकुर, हिंदू युवा वाहिनी के वंश राजपूत, गौ रक्षक बरेली के तरुण कश्यप, गौ रक्षा दल के शंभू, शिवम कमांडो, विशाल राजपूत, मोहित कुमार सहित कई संगठनों के कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और भविष्य में ऐसी घटनाओं पर पूर्ण अंकुश लगाने की मांग की।

पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ और अन्य पहलुओं की जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किए जाने का दावा किया जा रहा है।

Saurabh Gupta
Author: Saurabh Gupta