बरेली के श्यामगंज मे मिलावट के शक में हुआ बड़ा एक्शन: ई-रिक्शा से जा रहा 10 ड्रम खाद्य तेल पकड़ा गया

Spread the love

 

बरेली के श्यामगंज मे मिलावट के शक में हुआ बड़ा एक्शन: ई-रिक्शा से जा रहा 10 ड्रम खाद्य तेल पकड़ा गया

एफएसडीए–पुलिस की संयुक्त छापेमारी से तेल कारोबारियों में हड़कंप

लाल चंद एग्रो से जुड़ा मामला, सैंपल जांच के लिए लैब भेजे गए

रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता

बरेली। जनपद में मिलावटी खाद्य पदार्थों पर शिकंजा कसते हुए गुरुवार को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) और बारादरी पुलिस ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। कार्रवाई के दौरान ई-रिक्शा से सप्लाई किए जा रहे रिफाइंड खाद्य तेल के 10 प्लास्टिक ड्रम जब्त किए गए। तेल में मिलावट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि अंतिम पुष्टि प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट के बाद ही होगी।

प्रेमनगर थाना क्षेत्र के ब्रह्मपुर नई बस्ती स्थित लाल चंद एग्रो ऑयल्स प्राइवेट लिमिटेड से यह तेल ई-रिक्शा के जरिए शहामतगंज भेजा जा रहा था। एफएसडीए को संदिग्ध सप्लाई की सूचना मिलते ही टीम ने बारादरी पुलिस के साथ मौके पर पहुंचकर ई-रिक्शा को रोक लिया। जांच के दौरान ई-रिक्शा में 10 ड्रम तेल से भरे हुए पाए गए। चालक ने बताया कि यह तेल शहामतगंज में ज्ञान प्रकाश साहू के यहां बिक्री के लिए ले जाया जा रहा था।

कंपनी मालिक को मौके पर बुलाया गया

जांच को गंभीरता से लेते हुए एफएसडीए टीम ने तेल स्वामी राधेश्याम भाटिया को मौके पर तलब किया। उन्होंने दावा किया कि यह रिफाइंड राइस ब्रान ऑयल कानपुर के रनिया स्थित वैभव एडिबल्स प्राइवेट लिमिटेड से खरीदा गया है और इसके बिल भी प्रस्तुत किए। बावजूद इसके, गुणवत्ता को लेकर संदेह होने पर टीम ने कुल 410 किलो तेल में से सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया। शेष 408 किलो तेल को सीज कर उसकी बिक्री पर तत्काल रोक लगा दी गई।

पूरे इलाके में मची अफरा-तफरी

कार्रवाई की खबर फैलते ही आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस कार्रवाई के बाद शहर के तेल कारोबारियों में भी खलबली देखी जा रही है। कई व्यापारी और सप्लायर सतर्क नजर आए। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसी सख्त कार्रवाई लगातार होती रहनी चाहिए, ताकि मिलावटखोरों पर अंकुश लगे और आम जनता की सेहत से खिलवाड़ न हो।

Saurabh Gupta
Author: Saurabh Gupta