
रंगदारी के विवाद ने लिया हिंसक रूप, चौबारी गांव में ताबड़तोड़ फायरिंग
दो पक्ष आमने-सामने, गोलीकांड में दो लोग घायल, इलाके में दहशत
रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता
बरेली। कैंट थाना क्षेत्र के गांव चौबारी में रंगदारी को लेकर चल रहे पुराने विवाद ने बुधवार रात हिंसक मोड़ ले लिया। दो पक्षों के बीच हुई फायरिंग में दोनों ओर से एक-एक व्यक्ति गोली लगने से घायल हो गया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना में चौबारी निवासी 34 वर्षीय गुरबिंदर सिंह पुत्र रमेश पाल और सुभाषनगर थाना क्षेत्र के गांव महेशपुर ठकुराइन निवासी सत्येंद्र पुत्र रविंद्र सिंह घायल हुए हैं। दोनों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
गुरबिंदर के परिजनों का आरोप है कि उसने करीब डेढ़ साल पहले गांव चौबारी में मकान बनवाया था, तभी से गांव के ही विष्णु, राजेश और सत्येंद्र उस पर रंगदारी देने का दबाव बना रहे थे। आरोप है कि 15 दिन पहले गुरबिंदर के भाई सुखबिंदर के साथ रास्ते में गाली-गलौज और मारपीट भी की गई थी। परिजनों के मुताबिक बुधवार देर रात आरोपियों ने गुरबिंदर के घर पहुंचकर फायरिंग कर दी, जिसमें वह घायल हो गया।
वहीं दूसरे पक्ष के लोगों का कहना है कि सत्येंद्र अपने चाचा विष्णु से मिलकर लौट रहा था, तभी रास्ते में गुरबिंदर और उसके भाई सुखबिंदर ने उसे घेरकर गोली चला दी, जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मामले की सूचना पर थाना कैंट पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है और पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।